चैंबर ऑफ कॉमर्स ने सोपा ज्ञापन, की तत्काल कारवाई की मांग
लखीमपुर से राजेश राठी की रिपोर्ट
लखीमपुर। लखीमपुर जिले में बीते कुछ महीनों से बच्चों के रहस्यमय तरीके से लापता होने की घटनाओं ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। एक के बाद एक तीन मासूमों के गुमशुदा होने से न केवल परिजनों में गहरी चिंता व्याप्त है, बल्कि आम नागरिकों और व्यापारिक समुदाय में भी असुरक्षा और भय का माहौल बन गया है। मिली जानकारी के अनुसार, बांटो निवासी आबेद अली (9) लगभग चार से पाँच महीने पहले, बीएफसी कॉलोनी निवासी अश्वानुर अली (12) करीब चालीस से पैंतालीस दिन पहले, और बाजार रोड स्थित जीनियस एकेडेमी के पास से रोहन ताय (10) करीब दस से पंद्रह दिन पहले रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए। परिजनों ने बच्चों के लापता होते ही स्थानीय पुलिस को सूचना दी थी और रिपोर्ट दर्ज कराई थी, परंतु अब तक किसी भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी मुद्दे को लेकर लखीमपुर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रामेश्वर तापड़िया और सचिव सिपु भोवाल ने जिला पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें उन्होंने पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि बच्चों के लापता होने की बढ़ती घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं और यदि शीघ्र सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आम जनता का भरोसा प्रशासन से उठ जाएगा। चेंबर के पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि पुलिस को विशेष अभियान चलाकर इन मासूमों का पता लगाना चाहिए और दोषियों को ऐसी सजा दी जाए जिससे भविष्य में कोई भी इस तरह की घिनौनी हरकत करने से पहले सौ बार सोचने पर मजबूर हो। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में जिस प्रकार से बच्चे रहस्यमय तरीके से गायब हो रहे हैं, वह न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती है बल्कि समाज के लिए भी गहरी चिंता का विषय बन चुका है। परिजन अब भी अपने लापता बच्चों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें