गुवाहाटी। भारतीय जनता पार्टी के नव-निर्वाचित राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन 26 और 27 दिसंबर को दो दिवसीय दौरे पर असम आ रहे हैं। अपने प्रवास के दौरान वे गुवाहाटी स्थित कलाक्षेत्र सभागार में आयोजित भाजपा असम प्रदेश की राज्य कार्यकारिणी बैठक में हिस्सा लेंगे। यह बैठक 26 दिसंबर को दोपहर 2:30 बजे शुरू होकर 27 दिसंबर को दोपहर 2:30 बजे तक चलेगी।
भाजपा असम प्रदेश के उपाध्यक्ष मनोज बरुआ के अनुसार, इस बैठक में असम की वर्तमान राजनीतिक स्थिति की समीक्षा, संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। बैठक के निष्कर्ष 2026 के असम विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की समग्र कार्ययोजना को दिशा देंगे।
राज्य कार्यकारिणी बैठक में राष्ट्रीय और राज्य स्तर के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इनमें भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, असम चुनाव प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा, सह-प्रभारी सुनील शर्मा, उत्तर-पूर्व समन्वयक संबित पात्रा, राज्य प्रभारी हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय सचिव कामाख्या प्रसाद तासा, ऋतुराज शर्मा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल तथा पबित्रा मार्गेरिटा प्रमुख रूप से शामिल हैं।
बैठक में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा विशेष संबोधन देंगे, जबकि इसकी अध्यक्षता भाजपा असम प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया करेंगे। इसमें पार्टी के सभी सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, राष्ट्रीय व प्रदेश परिषद सदस्य तथा लगभग 800 कार्यकर्ता भाग लेंगे।
27 दिसंबर को राज्य चुनाव प्रबंधन समिति और घोषणा पत्र मसौदा समिति की अलग-अलग बैठकें भी आयोजित की जाएंगी। उसी दिन शाम को नितिन नवीन की उपस्थिति में भाजपा असम प्रदेश कोर कमेटी की बैठक होगी।
26 दिसंबर को लोकप्रिया गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आगमन के दौरान नितिन नवीन का पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभालने के बाद यह उनका असम का पहला दौरा होगा।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें