ओम प्रकाश तिवारी व राजेश राठी
लखीमपुर. लखीमपुर से बड़ी राजनीतिक खबर है, जहां भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है। त्याग क्षेत्र में आयोजित विशाल जॉइनिंग कार्यक्रम में करीब तीन हजार लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लखीमपुर के त्याग क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी, लखीमपुर जिला समिति के तत्वावधान में एक भव्य जॉइनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 76 नंबर लखीमपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस समेत अन्य दलों और संगठनों से जुड़े लगभग तीन हजार लोगों ने औपचारिक रूप से भाजपा का दामन थामा।
कार्यक्रम में लखीमपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मानव डेका मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ जिला भाजपा अध्यक्ष श्यामल शर्मा, उत्तर लखीमपुर, बोगीनदी सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष किसान गोगोई, जिला परिषद सदस्य, वार्ड कमिश्नर, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में विधायक मानव डेका ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब जनता कांग्रेस की असलियत समझ चुकी है, इसी वजह से लोग लगातार कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस में केवल पद और कुर्सी के लोभी लोग ही रह जाएंगे।
विधायक डेका ने कांग्रेस के उपसभापति गौरव गोगोई पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति इतनी कमजोर हो चुकी है कि उन्हें बड़ी रैली की बजाय ढाबे में बैठक करनी पड़ रही है।
लखीमपुर में हुए इस बड़े जॉइनिंग कार्यक्रम को भाजपा आगामी चुनावों से पहले संगठन की मजबूती के रूप में देख रही है, वहीं कांग्रेस के लिए इसे बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें