पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी युवा मंच द्वारा Inspiring Women Awards 2025 : प्रांतीय स्तर पर पहली ऐतिहासिक पहल
पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी युवा मंच द्वारा मारवाड़ी युवा मंच तेजपुर जागृति शाखा के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करते हुए, वर्ष 2025 के लिए प्रेरणादायी महिलाओं की खोज पूर्वोत्तर की विभिन्न शाखाओं के माध्यम से पूर्वोत्तर प्रांत के अनेक शहरों में की गई। यह आयोजन प्रांतीय स्तर पर पहली बार आयोजित किया गया, जो अपने आप में एक विशेष एवं उल्लेखनीय प्रयास रहा।
इस कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में प्रांतीय नारी चेतना संयोजिका लता झंवर, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्या एवं कार्यक्रम समन्वयक पूनम शर्मा पांडिया तथा प्रांत की समृद्धि सदस्याओं ने अपना पूर्ण योगदान दिया। प्रांतीय अध्यक्ष राज चौधरी ने अपनी कार्यकारिणी टीम के साथ खुशबू फाउंडेशन की इस दूरदर्शी सोच और सहयोग की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
तेजपुर जागृति शाखा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में दूर-दूर से चयनित प्रेरणादायी महिलाओं ने सहभागिता की। उनके जीवन संघर्ष, सामाजिक योगदान, विचार एवं उपलब्धियों को सुनकर उपस्थित जनसमूह का मन प्रेरणा और गर्व से भर उठा।
यह आयोजन इस वर्ष नगांव में संपन्न हुआ, जहाँ उसी समय प्रांतीय खेलकूद का आयोजन चल रहा था तथा विभिन्न शहरों से आए अतिथियों की उपस्थिति भी रही। ऐसे वातावरण में इस कार्यक्रम का आयोजन अपने आप में एक नई, सकारात्मक एवं सराहनीय शुरुआत सिद्ध हुआ।
यह कार्यक्रम तेजपुर जागृति शाखा की पूर्व शाखा मंत्री. खुशबू जैन अग्रवाल की पावन स्मृति में, खुशबू फाउंडेशन के सहयोग से वर्ष 2023 से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। इस दूरदर्शी पहल के लिए कविता जैन एवं कविंदर अग्रवाल के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पूर्व शाखा अध्यक्षाएँ शर्मिला लोहिया, पूनम पांडिया, निशा जोशी, सरिता टायल, प्रदेशीय नारी चेतना संयोजिका लता झंवर तथा शाखा की नारी चेतना संयोजिका मिनिता शर्मा के सहयोग और योगदान को भी विशेष रूप से सराहा गया।
इसी क्रम में Inspiring Women Awards – 2025 हेतु नामांकन प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी युवा मंच द्वारा इसके लिए Google Form जारी किया गया है। जिन क्षेत्रों में महिला शाखा उपलब्ध है, वहाँ नामांकन केवल महिला शाखा द्वारा किया जाएगा, जबकि जहाँ महिला शाखा उपलब्ध नहीं है, वहाँ संबंधित शाखा अपने क्षेत्र की मारवाड़ी समाज की योग्य एवं प्रेरणादायी महिला का नामांकन कर सकती है। प्रत्येक शाखा से केवल एक नामांकन स्वीकार किया जाएगा।
Inspiring Women Awards 2025 – मंडलवार चयनित प्रेरणादायी महिलाएँ इस प्रकार हैं—
मंडल A: श्रीमती चंद्रकला बहेटी (तिनसुकिया प्रगति)
मंडल B: श्रीमती भगवती देवी तोशिनवाल (नॉर्थ लखीमपुर प्रगति)
मंडल C: सुश्री याश्मी काबरा राठी (शिवसागर प्रगति)
मंडल D: श्रीमती शीतल सोमानी (डेरगांव)
मंडल E: श्रीमती भारती नाहाटा (नगांव समृद्धि)
मंडल F: श्रीमती पुष्पा बजाज (शिलांग)
मंडल G: श्रीमती मंजू देवी दुग्गर (बोंगाईगांव)
मंडल H: श्रीमती रंजिता अग्रवाल (धुबरी)
मंडल I: श्रीमती हेमलता सिंगोदिया (सिलचर)
आतिथ्य शाखा अध्यक्षा मधु जैन ने कहा कि यह आयोजन नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त कदम है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि भविष्य में तेजपुर जागृति शाखा के आतिथ्य में पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी युवा मंच इस कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली एवं व्यापक स्वरूप प्रदान करेगा।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें