मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने आज संगीत जगत को चौंकाते हुए प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि वह अब फिल्मों के लिए नए गाने नहीं गाएंगे।
इंस्टाग्राम पोस्ट में अरिजीत सिंह ने लिखा, “आप सभी श्रोताओं ने सालों तक जो प्यार दिया, उसके लिए दिल से धन्यवाद। मैं यह बताना चाहता हूं कि अब मैं प्लेबैक सिंगर के रूप में कोई नया काम स्वीकार नहीं करूंगा। यह एक खूबसूरत सफर रहा है, लेकिन अब मैं इसे यहीं विराम दे रहा हूं।”
उनकी इस घोषणा के बाद फैंस और संगीत प्रेमी हैरान रह गए। सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कई लोगों ने इसे “बॉलीवुड संगीत के एक युग का अंत” बताया, तो कुछ फैंस ने इसे मजाक या अकाउंट हैक होने की आशंका भी जताई।
अरिजीत सिंह ने हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि इस फैसले के पीछे वजह क्या है और न ही अपने भविष्य की संगीत योजनाओं पर कोई जानकारी दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह संगीत से पूरी तरह दूरी नहीं बना रहे हैं, लेकिन फिल्मों के लिए प्लेबैक सिंगिंग से हटने का फैसला किया है।
गौरतलब है कि “तुम ही हो”, “चन्ना मेरेया”, “अगर तुम साथ हो”, “केसरिया” जैसे सुपरहिट गानों से अरिजीत सिंह ने हिंदी फिल्म संगीत को नई पहचान दी। उन्हें दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुके हैं और वर्ष 2025 में पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया था।
अरिजीत सिंह के इस फैसले ने न केवल उनके प्रशंसकों को बल्कि पूरे संगीत उद्योग को भावुक कर दिया है।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें