लखीमपुर में बड़ा अग्निकांड: होटल श्याम में कमर्शियल सिलेंडर विस्फोट से मची तबाही - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

लखीमपुर में बड़ा अग्निकांड: होटल श्याम में कमर्शियल सिलेंडर विस्फोट से मची तबाही

 


लखीमपुर से राजेश राठी और ओम प्रकाश तिवाड़ी की रिपोर्ट 

लखीमपुर : शहर के व्यस्ततम एन.टी. रोड स्थित होटल श्याम में आज दोपहर लगभग 11 बजे घटित एक भीषण हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। होटल में रखे कमर्शियल गैस सिलेंडर के अचानक फट जाने से आग की भयंकर लपटें उठने लगीं, जिससे होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक घटना में होटल मालिक रामेश्वर शर्मा और होटल में कार्यरत दो हलवाई—किशन साह एवं मनोज साहू—गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल लखीमपुर के दास हॉस्पिटल में ले जाया गया जहां से उन्हें लखीमपुर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहाँ होटल मालिक रामेश्वर शर्मा की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार होटल की रसोई में रखा एक सील-पैक कमर्शियल गैस सिलेंडर अचानक लीक होने लगा था। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए होटल मालिक और कर्मचारी सुरक्षा की दृष्टि से सिलेंडर को बाहर खुले स्थान में ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट के साथ ही आग की तेज लपटें उठीं और कुछ ही पलों में होटल का एक हिस्सा आग की चपेट में आ गया। विस्फोट की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, वहीं घटना की सूचना तुरंत अग्निशामक विभाग और प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशामक विभाग की दो दमकल गाड़ियाँ तत्काल मौके पर पहुँचीं। अग्निशमन विभाग के योद्धाओं ने अत्यंत साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग आसपास की दुकानों और रिहायशी इलाकों तक फैलने से रोकी जा सकी। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी उल्लेखनीय सहयोग किया। लोगों ने रास्ता खाली करवाने, पानी की व्यवस्था करने और राहत कार्यों में मदद कर प्रशासन का हाथ बंटाया। समय पर की गई संयुक्त कार्रवाई से एक बड़ी जनहानि टल गई, हालांकि हादसे में होटल श्याम को काफी नुकसान पहुँचा है। दमकल द्वारा आग को काबू पाने के लिए छिड़काव किए गए पानी ओर आग की चपेट में आकर होटल का कीमती सामान, रसोई उपकरण, फर्नीचर और अन्य संसाधनो का काफी नुकसान हुआ है जिसका अनुमान लाखों का लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँचकर पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। अग्निशामक विभाग द्वारा भी यह पता लगाया जा रहा है कि सिलेंडर में लीकेज कैसे हुआ और क्या होटल में गैस सुरक्षा मानकों का समुचित पालन किया जा रहा था या नहीं। आज का यह हादसा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में गैस सिलेंडरों की नियमित जांच, रख-रखाव और सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन की गंभीर आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें