गुवाहाटी. गुवाहाटी के फैंसी बाजार स्थित कामरूप चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ आज भाजपा घोषणापत्र को लेकर एक महत्वपूर्ण परामर्श बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का उद्देश्य व्यापारिक समुदाय एवं व्यापारियों से आगामी भाजपा घोषणापत्र के लिए उनके सुझाव एवं विचार प्राप्त करना था। बैठक की अध्यक्षता कामरूप चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष महावीर जैन ने की।
बैठक में भाजपा चुनाव समिति के अध्यक्ष एवं सांसद प्रधान बरुआ, राज्यसभा सांसद भुवनेश्वर कलिता तथा असम भाजपा प्रोफेशनल्स सेल के अध्यक्ष गौरव सोमानी, पार्षद प्रमोद स्वामी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान व्यापारियों एवं व्यवसायिक प्रतिनिधियों ने विभिन्न जनहित एवं व्यापार से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार एवं सुझाव भाजपा प्रतिनिधिमंडल के समक्ष रखे।
कामरूप चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष महावीर जैन ने व्यापार, कर प्रणाली, स्थानीय समस्याओं एवं जनसरोकार से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए तथा इस संबंध में एक लिखित सुझाव पत्र भी भाजपा प्रतिनिधिमंडल को सौंपा।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल की ओर से प्रधान बरुआ ने आश्वस्त किया कि बैठक में प्राप्त प्रत्येक सुझाव पर भाजपा गंभीरता एवं गहनता से विचार करेगी तथा उन्हें घोषणापत्र में सम्मिलित करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
फैंसी बाजार से संबंधित विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर भाजपा नेता एवं असम भाजपा प्रोफेशनल्स सेल के अध्यक्ष गौरव सोमानी ने कहा कि भाजपा शीघ्र ही फैंसी बाजार के व्यापारियों के साथ एक अलग बैठक आयोजित करेगा, ताकि उनकी स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें। पार्षद प्रमोद स्वामी ने भी कई सुझाव देते हुए कहा कि जीएसटी आने के बाद से इंस्पेक्टर राज खत्म हुआ है। यह हमारी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इसके अलावा शहरों के बीच से जो रेल लाइन गुजरती है उससे जनता को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। अतः इन रेल लाइनों को वैज्ञानिक तरीके से अन्य जगह स्थानांतरित करना या अन्य कोई उपाय निकालने पर सरकार को ध्यान देना चाहिए।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से कैलाश काबरा, सीताराम बिहानी, बिनोद जैन सुराना, अशोक छाबड़ा, मनोज जैन, दीपक बजोरिया, गौतम शर्मा, सौरव अजमेरा, सुरेन्द्र भलोटिया राजेन्द्र उपाध्याय, कमल सोमानी, सुरेन्द्र भालोटीया सहित व्यापारिक समुदाय के अनेक अन्य वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित सदस्य उपस्थित रहे।
यह परामर्श बैठक व्यापारिक समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए एक समावेशी, व्यावहारिक एवं जनहितैषी भाजपा घोषणापत्र की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें