ज्योति खखोलिया, डिब्रूगढ़
समाजसेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय मारवाड़ी युवा मंच, डिब्रूगढ़ शाखा द्वारा 1 फरवरी 2026 (रविवार) को अपनी 11वीं अमृतधारा (शुद्ध पेयजल परियोजना) का भव्य लोकार्पण हिंदू मिलन मंदिर, ओवरब्रिज, डिब्रूगढ़ परिसर में किया गया।
यह अमृतधारा स्वर्गीय लालचंद्र भौमिक एवं स्वर्गीय विद्या बाला भौमिक की पुण्य स्मृति में श्री कमाख्या प्रसाद भौमिक, दत्ता बागान, डिब्रूगढ़ के सौजन्य से स्थापित की गई, जिसका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को स्वच्छ, सुरक्षित एवं निरंतर पेयजल उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा स्वागत भाषण से हुआ। इसके पश्चात दानदाता परिवार द्वारा दीप प्रज्वलन कर अमृतधारा को विधिवत समाज को समर्पित किया गया। इस अवसर पर मंदिर प्रबंधन समिति एवं मंच की ओर से दानदाता परिवार तथा मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों को असमिया संस्कृति के प्रतीक फुलाम गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने स्वच्छ पेयजल को मानव जीवन की मूल आवश्यकता बताते हुए मारवाड़ी युवा मंच के इस प्रयास की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों की अपेक्षा जताई। उपस्थित नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें