होली गोठ 2026 : तेजपुर में उमड़ा समाज का उत्साह, एकता और उल्लास का अद्भुत संगम - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

होली गोठ 2026 : तेजपुर में उमड़ा समाज का उत्साह, एकता और उल्लास का अद्भुत संगम




मारवाड़ी युवा मंच तेजपुर परिवार द्वारा 01 मार्च को हिलबिली में भव्य एवं उत्साहपूर्ण होली गोठ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। होली गोठ की परम्परा के बारे में पूर्व अध्यक्ष प्रमोद बागड़ा और राजीव जैन ने बताया कि वर्ष 1999 से निरंतर आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम समाज की एकता, परंपरा और आपसी सौहार्द का जीवंत प्रतीक बन चुका है।


कार्यक्रम के स्वागत उद्बोधन में तेजपुर शाखा अध्यक्ष विष्णु महेश्वरी एवं मारवाड़ी युवा मंच तेजपुर जागृति शाखा की अध्यक्षा मधु जैन ने बताया कि 200 से अधिक सक्रिय सदस्यों के सहयोग से दोनों शाखाओं ने मिलकर वर्षभर में 100 से अधिक सामाजिक कार्यों का सफल संपादन किया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि 50 विशेष कार्यों की झलकियाँ कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित की गईं, जिससे समाज के प्रत्येक सदस्य को शाखा की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी मिल सके। इस सफलता का श्रेय उन्होंने समस्त सदस्यों के सामूहिक प्रयास और समाज के निरंतर सहयोग को दिया।


इस अवसर पर दोनों शाखाओं के सलाहकारवृंद एवं संस्थापक अध्यक्ष रामनाथ चमरीया जी को राजस्थानी चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। शाखा के विशिष्ट सहयोगियों को मंच पर आमंत्रित कर धन्यवाद ज्ञापन के साथ सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही मारवाड़ी समाज के विभिन्न उपसमाजों के अध्यक्षों का भी अभिनंदन किया गया।


इसी अवसर पर आगामी कार्यकाल हेतु नेतृत्व का परिचय चुनाव अधिकारियों बिष्णु डागा एवं निशा जोशी द्वारा कराया गया तथा नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का अभिनंदन किया गया। तेजपुर शाखा के लिए निर्वाचित अध्यक्ष अंकित मंत्री, मंत्री अमन शारदा एवं कोषाध्यक्ष शिव कुमार पांडे होंगे। वहीं जागृति शाखा से अध्यक्षा रजनी डागा, मंत्री मिनिता शर्मा एवं कोषाध्यक्षा पारुल अग्रवाल आगामी कार्यकाल का दायित्व संभालेंगी।


सांस्कृतिक कार्यक्रम की जिम्मेदारी जागृति शाखा द्वारा निभाई गई। पूर्व अध्यक्षा शर्मिला लोहिया ने मंच संचालन करते हुए अत्यंत सुव्यवस्थित एवं प्रभावशाली ढंग से कार्यक्रम का संचालन किया। समाज के 30 से अधिक बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। जागृति शाखा की सदस्याओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य ने कार्यक्रम का आकर्षक शुभारंभ किया। वहीं तेजपुर समाज के होली रसिया साथियों द्वारा प्रस्तुत चंग रो धमाल ने वातावरण को पूर्णतः रंगारंग और उत्साहपूर्ण बना दिया।


कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण उत्कृष्ट भोजन व्यवस्था रही, जहाँ समाज के लगभग 2000 लोगों ने एक साथ बैठकर प्रीति भोज का आनंद लिया। एक ही स्थान पर समस्त परिवारों का स्नेहपूर्ण मिलन, गपशप और आत्मीय संवाद ने पूरे वातावरण को उल्लास और अपनत्व से भर दिया।


यह होली गोठ केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता, समानता और भाईचारे का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया।


अंत में दोनों शाखा के मंत्रीयो ने अमित भगेरिया और सरिता तायल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों का संयुक्त रूप से आभार व्यक्त किया। 


जय मारवाड़ । जय मंच ।

युवा शक्ति – राष्ट्र शक्ति।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें