लखीमपुर मारवाड़ी युवा मंच ने स्व. नरेश दिनोदिया के संकल्प को दिया आकार, विद्यालय की मरम्मत कर किया लोकार्पण - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

लखीमपुर मारवाड़ी युवा मंच ने स्व. नरेश दिनोदिया के संकल्प को दिया आकार, विद्यालय की मरम्मत कर किया लोकार्पण



लखीमपुर से राजेश राठी और ओमप्रकाश तिवाड़ी की रिपोर्ट 


लखीमपुर 28 मार्च 2026


पुरानी कहावत “पूत कपूत तो क्या धन संचय, पूत सपूत तो क्या धन संचय” को सार्थक करते हुए लखीमपुर मारवाड़ी युवा मंच ने समाज सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। मंच के सदस्यों ने यह साबित किया कि सच्ची विरासत धन-संपत्ति नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और समाज के प्रति समर्पण होता है। संस्था द्वारा स्वर्गीय समाजसेवी नरेश दिनोदिया के अधूरे संकल्प को पूरा करते हुए शहर के मध्य स्थित सर्वेश्वर बरुआ हिंदी हाई स्कूल की जर्जर छत का जीर्णोद्धार कर उसका विधिवत लोकार्पण किया गया। ज्ञात हो कि लखीमपुर के प्रसिद्ध समाजसेवी स्वर्गीय नरेश दिनोदिया ने कुछ समय पूर्व विद्यालय की जर्जर छत को देखकर उसकी मरम्मत कराने का संकल्प लिया था। हालांकि उनके आकस्मिक निधन के कारण यह कार्य अधूरा रह गया, लेकिन मारवाड़ी युवा मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनके इस संकल्प को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए पूरा करने का निर्णय लिया। मंच द्वारा विद्यालय की छत पर नए एवं मजबूत रंगीन टीन लगाकर पूरी छत की मरम्मत कराई गई, जिससे विद्यालय भवन अब सुरक्षित और उपयोगी बन गया है। उल्लेखनीय है कि मारवाड़ी युवा मंच द्वारा इससे पूर्व भी विद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया है। संस्था ने विद्यालय में व्हाइट बोर्ड, विद्युतीकरण, पंखे सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर छात्रों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार किया है। मंच के इस सतत सहयोग से विद्यालय के बच्चों को पढ़ाई के लिए सुविधाजनक माहौल मिल रहा है।यह विद्यालय आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करता है, जहां शिक्षक भी सेवा भाव से अपना योगदान देते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यालय का शैक्षणिक परिणाम सराहनीय रहा है तथा यहां के छात्र विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। लोकार्पण समारोह के दौरान मारवाड़ी युवा मंच द्वारा विद्यालय के विद्यार्थियों को छाते तथा खाद्य सामग्री के पैकेट भी वितरित किए गए। बच्चों एवं अभिभावकों ने मंच के इस सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब बारिश के दिनों में भी बिना किसी परेशानी के विद्यालय में पढ़ाई जारी रखी जा सकेगी और छात्रों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा। इस अवसर पर स्वर्गीय नरेश दिनोदिया की धर्मपत्नी उर्मिला दिनोदिया, शाखा अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य मयंक झंवर एवं आरव लाखोटिया, शाखा सचिव दिनेश पारीक, कोषाध्यक्ष अनिल लधड, उपाध्यक्ष जगदीश हेड़ा, मोहित राठी, रंजू शाह, उमाकांत मालपानी, दिनेश पारीक, कमला देवी हरलालका सहित गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय दिनोदिया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके सेवा भाव को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें