शिव सागर से संजय पारीक
असम विधान सभा की 96 शिवसागर सीट पर राइजोर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई और एनडीए उम्मीदवार के रूप में एजीपी के प्रदीप हजारिका ने पर्चा भरा
97 नाजिरा सीट से कांग्रेस के देवब्रत सैकिया और बीजेपी के मयूर बोरगोहांई ने आज नामांकन दाखिल किया
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई की मौजूदगी में हुआ नामांकन
शिव दौल में पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से की खास बातचीत
मयूर बोरगोहांई के साथ पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री पवित्र मार्घरेटा
प्रदीप हाजरिका के साथ सांसद फणीभूषण चौधरी मौजूद रहे
डबल इंजन सरकार के साथ विकास का वादा : कांग्रेस और रायजोर दल के साथ ही गठबंधन चुनाव में कोई असर नहीं डालेगा - केंद्रीय राज्यमंत्री पवित्र मार्घरेटा
शिवसागर: नामांकन पत्र दाखिले के पहले ही दिन आज शिवसागर जिले का राजनैतिक माहौल गर्मा गया। असम विधानसभा चुनाव के लिए आज एनडीए और विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। राज्य में तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लिए तैयार एनडीए गठबंधन के बीजेपी - एजीपी के साथ ही विपक्षी गठबंधन कांग्रेस और रायजोर दल पार्टी ने अपने अपने उम्मीदवारों को साथ लेकर बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। खासतौर पर 96 नंबर शिवसागर विधानसभा क्षेत्र के लिए राइजोर दल के केंद्रीय अध्यक्ष अखिल गोगोई ने लगभग पांच हजार समर्थकों के साथ रैली कर जिला आयुक्त कार्यालय में अपना नामांकन पत्र सौंपा। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई और नेता प्रतिपक्ष देवब्रत सैकिया सहित एआईसीसी के सचिव तथा असम के प्रभारी विकास उपाध्याय, जिलाध्यक्ष अजय कुमार गोगोई ने भी एक विशाल रैली निकाली। नामांकन से पहले अखिल गोगोई, गौरव गोगोई , देवब्रत सैकिया ने ऐतिहासिक शिव दौल मंदिर में पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। नामांकन दाखिल करने से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए अखिल गोगोई ने कहा कि चुनाव में मेरे मुख्य प्रतिद्वंद्वी असम गण परिषद (एजीपी) के प्रदीप हजारिका होंगे। हमारी उम्र में फर्क है। लेकिन उनके खिलाफ चुनाव लड़कर मुझे गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन के कारण राइजोर दल को 13 सीटें मिली हैं। लेकिन इनमें से 10 सीटों पर राइजोर दल के उम्मीदवार जीत हासिल करेंगे।
अखिल गोगोई ने कहा कि अगर कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनी तो बारह महीने खेती करने वाली राजनीति शुरू होगी। हर गांव में एक-एक उद्योग स्थापित किया जाएगा ताकि पुरुष और महिलाएं दोनों को रोजगार मिल सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब कोई असमिया युवा दूसरे राज्य में सिक्योरिटी गार्ड बनकर नहीं मरेगा। साथ ही प्राथमिक स्कूल से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और उचित स्वास्थ्य सुविधाओं की आधारभूत संरचना बनाने का वादा किया। लाभार्थियों के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन की सरकार बनने पर हर महिला को 3000 रुपये प्रति माह अरुणोदय योजना के तहत मिलेंगे और साथ ही निश्चित रोजगार भी दिया जाएगा।
आज शिवसागर जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में से शिवसागर और नाजिरा के लिए विपक्षी मित्र गठबंधन के उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। शिवसागर सीट से राइजोर दल के अखिल गोगोई और नाजिरा से कांग्रेस के देवब्रत सैकिया ने नामांकन पत्र दाखिल किया। दोनों उम्मीदवारों के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई भी मौजूद रहे।
कल रात राइजोर दल पार्टी के गठबंधन तय होने के बाद आज आत्मविश्वास से भरे हुए दिखे गौरव गोगोई ने बीजेपी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि शिवसागर जिले में भाजपा शून्य हो जाएगी। नामांकन से ठीक पहले गौरव गोगोई ने कहा कि जिस दिन असम से हिमंत विश्व शर्मा का स्वेच्छाचारी शासन समाप्त होगा, उसी दिन असम में नया दिन शुरू होगा। उन्होंने दावा किया कि शिवसागर जिले में भाजपा पूरी तरह शून्य हो जाएगी। विपक्षी गठबंधन के कारण बीजेपी का गणित बिगड़ चुका है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि बीजेपी की रणनीति का “अंक-जंक-पंक” हो गया है। गौरव गोगोई ने कहा कि राज्य में कांग्रेस नीत गठबंधन की सरकार बनेगी और जनता गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करें। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा नेतृत्वाधीन बीजेपी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकना ही मुख्य लक्ष्य बताया।
97 नाजिरा विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा विधायक तथा असम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवब्रत सैकिया ने भी आज कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। असम के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय हितेश्वर सैकिया के पुत्र देवब्रत सैकिया 2011, 2016, 2021 से लगातार तीन बार नाजिरा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वहीं 2016 से ही राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। देवब्रत सैकिया ने कहा कि भाजपा का दमनकारी शासन खत्म होने वाला है। विधायक दल के नेता देवब्रत सैकिया ने कहा कि कांग्रेस समर्थित गठबंधन के कारण भाजपा कांप रही है। भाजपा का अपशासन अब खत्म होने वाला है। भाजपा में जाने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट जवाब दिया “अगर भाजपा कांग्रेस की नीति अपनाए, संविधान और सेकुलर विचारधारा को अपनाए तो मैं विचार कर सकता हूं। लेकिन संविधान को पैरों तले रौंदने वाली और साम्प्रदायिक सोच से भरी भाजपा में ऐसा बदलाव की कोई गुंजाइश नहीं है। मीडिया और सोशल मीडिया में अफवाहें फैलीं कि वे पार्टी छोड़ सकते हैं या राज्या सभा सीट के लिए बातचीत कर रहे हैं, लेकिन देवब्रत सैकिया ने इन अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे कांग्रेस की विचारधारा से नहीं हटेंगे और कोई गठबंधन या दल-बदल नहीं करेंगे। पिछले 2021 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी देवब्रत सैकिया ने 52,387 हासिल करते हुए केवल मात्र 683 वोटों के मामूली अंतर से जीत हासिल की। वहीं भाजपा के मयूर बोरगोहांई को 51,704 वोट मिले। वहीं 96 शिवसागर विधानसभा क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार के रूप में एजीपी नेता तथा वर्तमान में आमगुड़ी क्षेत्र से विधायक प्रदीप हजारिका ने भी समर्थकों के साथ रैली निकाल कर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ सांसद फणीभूषण चौधरी, एजीपी के जिलाध्यक्ष घोनो गोगोई सहित पार्टी नेता मौजूद रहे। वहीं आज एनडीए गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में 97 नाजिरा सीट से बीजेपी के मयूर बोरगोहांई ने बड़ी संख्या में बीजेपी समर्थकों के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री पवित्र मार्घरेटा, बीजेपी जिलाध्यक्ष बितोपन रायडोंगिया सहित पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
वहीं बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष रहे मयूर बोरगोहांई असम में भाजपा के उभरते चेहरे हैं। खासकर शिवसागर जिले और नाजिरा क्षेत्र में वे बीजेपी के युवा नेता के रूप में सक्रिय हैं। 2026 के विधानसभा चुनाव में नाजिरा से उनकी उम्मीदवारी महत्वपूर्ण रही। क्योंकि पिछली बार वे 683 वोटों के बहुत कम अंतर से हारे थे।
इस मौके पर केंद्रीय विदेश मंत्री पवित्र मार्घरेटा ने कहा कि केंद्र और राज्य में बीजेपी की डबल इंजन सरकार के साथ नाजिरा अब विकास की मुख्यधारा से जुड़ जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब भाजपा सरकार के नेतृत्व में केवल विकास का जयगान गाया जा रहा है। नाजिरा सीट लंबे समय तक कांग्रेस के कब्जे में रही और विकास के मामले में पिछड़ गई। इस बार राजनीति और समीकरण पूरी तरह बदल जाएंगे। कांग्रेस और राइजोर दल के बीच हुए विपक्षी गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए पवित्र मार्घरेटा ने कहा कि यह गठबंधन कोई नई बात नहीं है। इसमें कोई मजबूत राजनीतिक ताकत शामिल नहीं है। यह गठबंधन चुनाव में कोई असर नहीं डालेगा। वहीं नाजिरा से बीजेपी उम्मीदवार मयूर बोरगोहांई ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि जनता का समर्थन हमारे साथ है इस बार जीतेंगे। नाजिरा में भगवा परचम लहराएगा। नाजिरा से भाजपा उम्मीदवार मयूर बोरगोहांई ने कहा कि इस बार जनता का जबरदस्त उत्साह और समर्थन है। मैं नाजिरा से जीतकर क्षेत्र के विकास में योगदान दूंगा। उन्होंने कहा कि लोगों का भरोसा और उत्साह देखकर स्पष्ट है कि इस बार नाजिरा में बदलाव आएगा।
आज पहले दिन नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही और सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही।











कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें