नगांव जिले में फ्लाइंग स्क्वॉड की कार्रवाई तेज, अवैध शराब जब्त - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

नगांव जिले में फ्लाइंग स्क्वॉड की कार्रवाई तेज, अवैध शराब जब्त



पूजा माहेश्वरी

नगांव, विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र अवैध शराब के खिलाफ नगांव जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत शनिवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 80 लीटर चुलाई शराब और बड़ी मात्रा में शराब बनाने के अवैध सामग्री जब्त की गई। आबकारी विभाग और विधानसभा चुनाव के फ्लाइंग स्क्वॉड टीम द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान में रोहा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जाजरी बगोरीगुड़ी इलाके से 10 लीटर अवैध देशी शराब और 160 किलोग्राम शराब निर्माण सामग्री जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दी गई। इसी के साथ अन्य टीमों द्वारा चलाए गए समान अभियानों में बरहामपुर क्षेत्र से 25 लीटर, धिंग से 24 लीटर, नगांव बटद्रवा क्षेत्र से 15 लीटर शराब और 180 किलोग्राम सामग्री, सामगुड़ी से 5 लीटर शराब और 150 किलोग्राम सामग्री तथा रूपहीहाट से 130 किलोग्राम सामग्री जब्त कर नष्ट किया गया।

इस अभियान के माध्यम से जिले में चल रही ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का संदेश दिया गया है। जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विकास शर्मा ने बताया कि चुनाव को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा के निर्देश पर आने वाले दिनों में इस अभियान को और तेज किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही पूरे राज्य के साथ नगांव जिले में भी “आदर्श आचार संहिता” सख्ती से लागू कर दी गई है। इस दौरान चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है।

विशेष रूप से आचार संहिता के पालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल की निगरानी में जिलेभर में फ्लाइंग स्क्वॉड और स्टैटिक सर्विलांस टीम (SST) 24 घंटे गश्त कर रही हैं। विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर स्थापित जांच चौकियों में संदिग्ध वाहनों और सामानों की सघन जांच जारी है, ताकि किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि से चुनाव प्रभावित न हो सके।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें