नगांव में मुख्य सचिव डॉ. रवि कोटा द्वारा चुनावी तैयारियों की समीक्षा - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

नगांव में मुख्य सचिव डॉ. रवि कोटा द्वारा चुनावी तैयारियों की समीक्षा



पूजा माहेश्वरी

नगांव, राज्य के मुख्य सचिव डॉ. रवि कोटा ने वृहस्पतिवार को नगांव जिले का दौरा कर जिले की समग्र चुनावी तैयारियों का जायजा लिया । इस उद्देश्य से जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित एक विशेष बैठक में भाग लेते हुए मुख्य सचिव ने चुनाव संचालन से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की । इस महत्वपूर्ण समीक्षा के दौरान उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष और स्वच्छ तरीके से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया । साथ ही प्रत्येक प्रकोष्ठ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करने के लिए कड़े निर्देश दिए । बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला आयुक्त देबाशीष शर्मा ने एक विस्तृत पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से जिले की चुनावी तैयारियों का समग्र चित्र प्रस्तुत किया । उन्होंने मतदान केंद्रों की आधारभूत संरचना, ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के भंडारण एवं परीक्षण, मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण तथा मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति के बारे में मुख्य सचिव को जानकारी दी।

नगांव के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पार्थ प्रतिम दास ने चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाए गए कदमों का विवरण प्रस्तुत किया । उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अवैध सामग्री की आवाजाही रोकने के लिए सघन जांच अभियान तथा केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती से संबंधित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी । इस महत्वपूर्ण बैठक में जिले के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारी, अतिरिक्त आयुक्त, चुनाव अधिकारी तथा जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे । सभी ने चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई ।

मुख्य सचिव डॉ. कोटा ने प्रशासन की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी ।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें