पूजा माहेश्वरी
नगांव, नगांव जिले के विकास की दिशा में रविवार को एक नए अध्याय की शुरुआत करते हुए शहर के पानीगांव छयआली में नवनिर्मित “भूपेन हजारिका कलातीर्थ” परियोजना का वन मंत्री चंद्र मोहन पटवारी ने वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया।
इस विशेष परियोजना में लगभग 800 लोगों की बैठने की क्षमता वाला एक विशाल सभागार और करीब 150 लोगों के लिए एक छोटा सभागार बनाया गया है। इसके अलावा यहां एक समृद्ध संग्रहालय, आर्काइव, आर्ट गैलरी तथा प्रदर्शनी के लिए एक बड़ा हॉल भी उपलब्ध कराया गया है।
केवल बौद्धिक या सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए ही नहीं, बल्कि मनोरंजन के लिए भी यहां एक सुंदर रेस्टोरेंट, बच्चों के लिए पार्क तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों के लिए एक विशेष ‘वॉकिंग ज़ोन’ की व्यवस्था की गई है। इस कलातीर्थ में नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सुचारू रूप से आयोजन किया जा सकेगा। रविवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में बटद्रवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रूपक शर्मा, जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा, विशिष्ट कलाकार कमल कटकी, नगांव नगरपालिका के उपाध्यक्ष सीमांत बोरा सहित जिले के कई गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय लोग उपस्थित थे। विधायक ने आशा व्यक्त की कि यह आधुनिक परियोजना जिले के सांस्कृतिक वातावरण को एक नई दिशा और आयाम प्रदान करेगी।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें