पूजा माहेश्वरी
नगांव, नगांव शहर को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाए रखने के उद्देश्य से नगांव नगर परिषद लगातार महत्वपूर्ण कदम उठाती आ रही है। नगर पालिका के निरंतर प्रयासों के कारण ही नगांव नगर पालिका स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने में सक्षम हुई है। स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” में भी नगांव शहर की स्वच्छता का उल्लेख किया गया था।
नगांव शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में और आगे बढ़ाने के लिए वृहस्पतिवार को नई अत्याधुनिक तकनीक से लैंस आठ वाहनों का शुभारंभ किया गया। नगांव के नेहरूबाली में आयोजित एक कार्यक्रम में इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर नगांव-बटद्रवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रूपक शर्मा ने रवाना किया। इस अवसर पर अपने संक्षिप्त भाषण में उन्होंने कहा कि नगांव नगर पालिका द्वारा शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए उठाए गए कदमों के कारण नगांव एक अग्रणी स्वच्छ शहर के रूप में उभर कर सामने आया है। इस प्रक्रिया को और तेज करने के लिए कई अत्याधुनिक वाहनों को शामिल किया गया है । इनके माध्यम से नगांव शहर को और अधिक स्वच्छ बनाया जा सकेगा।
वृहस्पतिवार को नगर परिषद की पहल पर जिन वाहनों का उद्घाटन किया गया उनमें एक ऑटोमैटिक रोड स्वीपिंग वाहन, छह बैटरी चालित कचरा संग्रहण वाहन तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा अपने सीएसआर फंड के तहत नगांव नगर पालिका को प्रदान किया गया एक टिपर वाहन शामिल है। वाहनों के उद्घाटन कार्यक्रम में नगांव नगर पालिका की अध्यक्ष अंबिका मजूमदार, उपाध्यक्ष सीमांत बोरा, नगर पालिका के कार्यकारी अधिकारी पंकज भूयां, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि, नगर पालिका के वार्ड आयुक्त तथा स्थानीय लोग उपस्थित थे।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें