रमेश मुन्दड़ा
होजाई। होजाई जिले के तीनों विधानसभा सभा क्षेत्र क्रमांक 63 होजाई , 64 लामडिंग व 62 बिन्नाकांडी विधानसभा क्षेत्र हेतु सभी चुनावी दलों के उम्मीदवारों ने गर्म जोशी के साथ वह उत्साह पूर्ण वातावरण के बीच नामांकन पत्र दाखिल किये।
होजाई विधानसभा: होजाई विधानसभा सीट (क्रमांक 63, असम) से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार व पूर्व विधायक शिलादित्य देव ने नामांकन दाखिल किया। उन्होंने जिला आयुक्त कार्यालय, श्रीमंत शंकरदेव नगर पर भारी संख्या में समर्थकों, गाजे‑बाजे और ढोल‑नगाड़ों के साथ पार्टी का झंडा लेकर नामांकन पर्चा जमा किया। नामांकन के बाद शिलादित्य देव ने स्थानीय संवाददाताओं से रूबरू होते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत बिश्व शर्मा के विश्वास और होजाई के मतदाताओं के आशीर्वाद से वे भारी मतों से जीत दर्ज करके क्षेत्र के विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आज के मतदाता काफी जागरूक हैं और वे जानते हैं कि कौन‑सा दल वास्तविक विकास कर पाएगा।
भारतीय जनता पार्टी के साथ‑साथ विपक्षी दलों की ओर से भी कई प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है।
इसमें कांग्रेस से महिला उम्मीदवार झीली चौधरी ने अपने हजारों समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि होजाई में कांग्रेस की विजय होगी। उन्होंने कहा पार्टी हाईकमान ने जो मुझ पर विश्वास जताया हैं। हम की जान लगाकर उसे पूर्ण करने की कोशिश करेगें। गौरतलब है, यह पहली बार है कि होजाई से कोई महिला, विधायक पद का चुनाव लड़ रही है।
लामडिंग विधानसभा
64 नं लामडिंग विधानसभा से भाजपा के उम्मीदवार व दो बार के विधायक शिवू मिश्रा ने जिला आयुक्त कार्यालय पर समर्थकों के साथ नामांकन पत्र जमा किया। शिवू मिश्रा ने कहा कि चुनाव में समय ही बताएगा कि मतदाता किसके साथ हैं, और वे जनता के विश्वास को पूरा करने का दावा किया।इसी सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार व पूर्व विधायक सपन कर ने भी नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गठबंधन से जुड़ी परिस्थितियों का गहराई से विश्लेषण करते हुए जनता के बीच जाकर अपना संदेश पहुंचाएंगे व जीतकर क्षेत्र को एक नई पहचान दिलाएंगे। निर्दलीय उम्मीदवार यशोदा दुलाल रक्षित ने भी लामडिंग विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन फाइल किया है।
उन्होंने स्थानीय संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि लामडिंग की जनता सोच समझकर अपने पुर्ण विवेक के साथ इस बार अपने बहुमूल्य मतों का प्रयोग करेगी। और ऐसे उम्मीदवार को विजय बनाएगी जो सही मायनों में क्षेत्र का विकास कर सके।
लामडिंग में इस तरह त्रिकोणीय या बहुप्रतिस्पर्धी परिदृश्य दिखाई दे रहा है, जिससे मतदाताओं के लिए विकल्प बढ़ गए हैं।
बिन्नाकांडी विधानसभा
62 नं बिन्नाकांडी विधानसभा सीट पर इस बार खास बात यह है कि ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल सीधे प्रत्याशी के रूप में उतरे हैं। अपने हजारों शुभचिंतकों की मौजूदगी में अजमल ने बिन्नाकांडी से नामांकन दाखिल करते हुए कहा कि वे जनता के मुद्दों के आधार पर चुनाव लड़ रहे हैं और भारी मतो से विजयी होने का दावा किया। एआईयूडीएफ ने बिन्नाकांडी को अपनी दूसरी सूची में शामिल करते हुए अजमल को यहां आधिकारिक उम्मीदवार बनाया है।
बिन्नाकांडी सीट पर भाजपा के मित्र दल असम गण परिषद शहाबुद्दीन मजूमदार को अपना उम्मीदवार बनाया जिन्होंने भी आज अपना नामांकन दाखिल किया, असम जातीय परिषद के उम्मीदवार रिजऊल करीम चौधरी ने आज अपना नामांकन दाखिल किया, रायचोर दल के राज चौधरी ने भी नामांकन दाखिल किया। प्राप्त सूचना के अनुसार कुल 14 प्रत्याशियों ने बिन्नाकांडी विधानसभा क्षेत्र के चुनावी रण में अपना भाग्य आजमाएंगे।
इस तरह बिन्नाकांडी में भी बहुप्रतिस्पर्धा नजर आ रही है, जहां एआईयूडीएफ के ऊपर बाजी मारने के लिए बड़े दलों को अपनी रणनीति कसकर बनानी पड़ेगी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार अजमल के नामांकन के दौरान उनके समर्थकों का जमावड़ा भी भारी रहा और चुनावी वातावरण तेजी से गर्म होता दिखाई दे रहा है।
उल्लेखयोगी है, निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्रों की जांच 24 मार्च को होगी, जबकि 26 मार्च नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। राज्य में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा और मतगणना 4 मई को संपन्न होगी।












कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें