असम में कैंसर उपचार व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कार्यरत असम कैंसर केयर फाउंडेशन ने आज अपना चौथा स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया।
28 अप्रैल 2022 को स्थापित इस फाउंडेशन का उद्घाटन देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा और उद्योगपति रतन टाटा की उपस्थिति में हुआ था। चार वर्षों में फाउंडेशन ने असम और पूर्वोत्तर क्षेत्र में सस्ती और गुणवत्तापूर्ण कैंसर उपचार सेवाओं की पहुंच को काफी बढ़ाया है। कार्यक्रम के दौरान कैंसर जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए ‘सजागता गीत’ जारी किया गया। इस गीत को रूपम भूईयां ने स्वर और संगीत दिया, जबकि इसके बोल सासाकां समीर ने लिखे हैं। इसके साथ ही ‘प्रत्याशा’ वॉल्यूम-2 नामक बहुभाषी पत्रिका का भी लोकार्पण किया गया, जिसमें मरीजों की प्रेरणादायक कहानियां और फाउंडेशन की उपलब्धियां शामिल हैं।
लखीमपुर कैंसर केयर फाउंडेशन में आयोजित कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे, जिनमें लखीमपुर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल-कम-चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट, वरिष्ठ डॉक्टर, मीडिया प्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी शामिल थे। कार्यक्रम में स्वागत भाषण, मरीजों के अनुभव साझा करने और विभिन्न पहलों का उद्घाटन किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया।
फाउंडेशन के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस अवसर पर दोहराया कि उनका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि असम में किसी भी मरीज को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ और एक कैंसर-मुक्त भविष्य के लिए संकल्प लिया गया। उल्लेखनीय है कि असम कैंसर केयर फाउंडेशन असम सरकार और टाटा ट्रस्ट की संयुक्त पहल है, जिसका उद्देश्य राज्य में आधुनिक, सुलभ और किफायती कैंसर उपचार नेटवर्क विकसित करना है।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें