प्रीति पारीक, शिवसागर
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन के अंतर्गत शिवसागर मारवाड़ी महिला समिति असम प्रांत द्वारा विगत आठ सालों से लगातार शिवसागर जिला कारागार में महिला कैदियों के लिए उनकी रोजमर्रा की जरूरत का सामान और विशेष रूप से सेनेटरी नैपकिन का वितरण किया जा रहा है। इसी मुहिम को आगे बढ़ाते हुए पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए इस बार समिति ने सैनिटरी नैपकिन का वितरण किया और महिला कैदियों को इसके प्रति जागरुक किया और इसका महत्व समझाया। अपने सामाजिक उत्तरदायित्व का पालन करते हुए आज के कार्यक्रम में महिला कैदियों के बीच सैनिटरी नैपकिन और टॉयलेट्रीज जैसे डेटॉल साबुन, हेयर ऑयल, टूथब्रश, टुथपेस्ट के साथ ही खाद्य सामग्री और सलवार सूट, ड्रेसेस आदि पहनने के कपड़े वितरित किए गए। अध्यक्षा सारिका देवड़ा ने कहा कि समिति द्वारा साल 2018 के मई महीने से आरंभ किया गया जिला कारागार की महिला कैदियों को सेनेटरी नैपकिन सहित रोजमर्रा के जरूरत की सामग्री का वितरण का कार्य विगत लगभग आठ सालों से लगातार जारी है। समिति द्वारा नियमित अंतराल पर कारागार प्रबंधन से संपर्क कर सैनिटरी नेपकिन सहित महिला कैदियों के लिए आवश्यक रोजमर्रा के जरूरत की सामग्रियां प्रदान की जाती है। उन्होंने महिला कैदियों की सुविधा के लिए इस योजना को निकट भविष्य में भी निरंतर जारी रखने की जानकारी दी। वहीं शिवसागर मारवाड़ी महिला समिति द्वारा जिला कारागार में बंदी महिला कैदियों के प्रति मानवीय भावना के साथ अविराम रूप से दी जा रही सेवाओं की जेल अधिकारी रमेश चंद्र बोड़ो ने मुक्तकंठ से सराहना करते हुए मामस शिवसागर शाखा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जेल प्रबंधन की ओर से मारवाड़ी महिला समिति की सराहना करते हुए कहा कि महिला समिति की इस पहल से महिला कैदियों के स्वास्थ्य और शारीरिक स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण को भी स्वच्छ रखने में एक बड़ी मदद मिल रही है। जिला कारागार में वर्तमान महिला कैदियों की संख्या 35 है। इस कार्यक्रम में समिति की अध्यक्षा सारिका देवड़ा, सचिव प्रीति केजरीवाल, कोषाध्यक्ष संगीता अग्रवाला के अलावा सदस्याएं अनु शर्मा, रेणु अग्रवाला एवं पायल अग्रवाल मौजूद थी। उल्लेखनीय है कि शिवसागर मारवाड़ी महिला समिति जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहती है और अपने ऐसे सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को सहायता प्रदान करती आ रही है। इस आशय की जानकारी शिवसागर मारवाड़ी महिला समिति असम प्रांत की जनसंपर्क अधिकारी एडवोकेट पायल अग्रवाल ने एक विज्ञप्ति में दी है।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें