लखीमपुर से राजेश राठी और ओमप्रकाश तिवाड़ी की रिपोर्ट
लखीमपुर, सीबीएसई द्वारा गुरुवार को घोषित 12वीं कक्षा की परीक्षा के परिणाम में लखीमपुर की विशेष रूप से सक्षम (दिव्यांग) छात्रा पाकिजा दत्ता ने अपनी अद्भुत प्रतिभा, अथक परिश्रम और अटूट आत्मविश्वास का परिचय देते हुए शानदार सफलता अर्जित कर अपने परिजनों के साथ साथ अपने विद्यालय और जिले का नाम गौरवान्वित किया है। शारीरिक चुनौतियों को पीछे छोड़ते हुए लखीमपुर के गोढ़ेहोगा निवासी पाकिजा दत्ता ने परीक्षा में उल्लेखनीय 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर यह सिद्ध कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। इस वर्ष पाकिजा ने लखीमपुर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान एशियन पब्लिक स्कूल से सीबीएसई 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की और सभी छह विषयों में लेटर मार्क्स के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने का गौरव हासिल किया। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल परिवार और विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। पाकिजा ने असमिया (Assamese) में 92 अंक, अंग्रेजी (मुख्य) (English Core) में 92 अंक, शारीरिक शिक्षा (Physical Education) में 92 अंक, समाजशास्त्र (Sociology) में शत-प्रतिशत 100 अंक, राजनीति विज्ञान (Political Science) में 98 अंक तथा इतिहास (History) में 91 अंक प्राप्त कर अपनी मेधा का परिचय दिया। विशेष रूप से उल्लेखनीय यह है कि पाकिजा ने नियमित रूप से विद्यालय में कक्षाएं किए बिना घर पर रहकर स्व-अध्ययन के माध्यम से यह शानदार सफलता हासिल की, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। पाकिजा दत्ता वरिष्ठ पत्रकार पुराबजयोति एवं मोमी दत्ता की सुपुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों तथा शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें