नई दिल्ली, भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की 24 रिक्त सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इन सीटों के लिए 18 जून को मतदान कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया 1 जून से अधिसूचना जारी होने के साथ प्रारंभ होगी। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 11 जून तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।
चुनाव आयोग के अनुसार, यह चुनाव 10 राज्यों की 24 सीटों पर होंगे, जहां वर्तमान सदस्य 21 जून से 19 जुलाई के बीच अलग-अलग तिथियों में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में चार-चार सीटों पर चुनाव होंगे। वहीं मध्य प्रदेश और राजस्थान में तीन-तीन सीटों पर, झारखंड में दो सीटों पर तथा मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में एक-एक सीट पर मतदान कराया जाएगा।
राज्यसभा से जिन प्रमुख नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देव गोडा, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन तथा रवनीत सिंह बिट्टू सहित 24 नेताओं के नाम शामिल हैं। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों ने उम्मीदवारों के चयन को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें