मेधावी छात्रों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित, दिगंबर जैन यूथ फेडरेशन एवं महिला महासभा ने 88 प्रतिभाओं को किया सम्मानित - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

मेधावी छात्रों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित, दिगंबर जैन यूथ फेडरेशन एवं महिला महासभा ने 88 प्रतिभाओं को किया सम्मानित

 



गुवाहाटी- शिक्षा, संस्कार और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से श्री दिगंबर जैन यूथ फेडरेशन, श्री दिगंबर जैन पंचायत गुवाहाटी एवं भारतवर्षीय दिगम्बर जैन महिला महासभा के संयुक्त तत्वावधान में भगवान महावीर भवन धर्मस्थल, ए.टी. रोड में भव्य छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न शैक्षणिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 88 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन एवं मंगलाचरण के सामूहिक जाप के साथ हुआ। आध्यात्मिक वातावरण के बीच आयोजित समारोह में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।


समारोह के मुख्य अतिथि गुवाहाटी सेंट्रल के विधायक विजय कुमार गुप्ता थे। उनके साथ श्री दिगंबर जैन पंचायत के अध्यक्ष महावीर जैन, मंत्री वीरेंद्र सरावगी तथा भारतवर्षीय दिगम्बर जैन महिला महासभा की अध्यक्षा श्रीमती वीणा छाबड़ा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


अपने प्रेरणादायी संबोधन में विधायक विजय कुमार गुप्ता ने शिक्षा, अनुशासन और समाजसेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को निरंतर परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने जैन समाज द्वारा विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।


इस अवसर पर गुवाहाटी सेंट्रल से प्रथम बार विधायक निर्वाचित होने पर विजय कुमार गुप्ता का अभिनंदन भी किया गया। उनका सम्मान जैन पंचायत के अध्यक्ष महावीर जैन, मंत्री वीरेंद्र सरावगी तथा यूथ फेडरेशन के अध्यक्ष सौरभ जैन (अजमेरा) द्वारा किया गया।


कार्यक्रम की सफलता में यूथ फेडरेशन की टीम का विशेष योगदान रहा। आयोजन का नेतृत्व अध्यक्ष सौरभ जैन ने किया। टीम के प्रमुख सदस्यों में अमित जैन बकलीवाल, भरत बड़जात्या, संयम जैन, हर्ष जैन, हीना बकलीवाल, जितेन्द्र पांड्या, विनय छाबड़ा, नवीन बड़जात्या, विनीत सोगानी एवं जितेन्द्र गंगवाल शामिल रहे। वहीं महिला महासभा की ओर से कविता बकलीवाल, इंदिरा सेठी, ममता काला, शशि गोधा, रूबी पाटनी एवं रेखा रारा ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


समारोह का समापन आभार ज्ञापन के साथ हुआ। आयोजकों ने युवाओं को शिक्षा, प्रेरणा और सम्मान के माध्यम से सशक्त बनाने के अपने संकल्प को दोहराया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें