समस्याओं को समझकर जिला आयुक्त ने दिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के सुझाव।
पूजा माहेश्वरी
नगांव, नगांव जिला अधिविद्या परिषद के तत्वावधान मे सोमवार को नगांव जिला पुस्तकालय प्रेक्षागृह में माध्यमिक स्तर के विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को लेकर एक महत्वपूर्ण शैक्षिक समीक्षा बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में जिले की शिक्षा व्यवस्था को अधिक गतिशील और समयानुकूल बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा ने आगामी समय में जिले के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक विभिन्न तैयारियों की जानकारी ली तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सफल क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। विशेष रूप से नई शिक्षा नीति के आधार पर तैयार किए गए प्रश्नपत्रों के नए प्रारूप के संदर्भ में शिक्षकों और विद्यार्थियों को किस प्रकार तैयारी करनी चाहिए तथा कक्षा-कक्ष में शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी कैसे बनाया जा सकता है, इस विषय पर उन्होंने विस्तारपूर्वक चर्चा की ।
इस समीक्षा बैठक में उपस्थित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने अपने-अपने शिक्षण संस्थानों के संचालन में सामने आ रही व्यावहारिक समस्याओं और शैक्षणिक चुनौतियों को जिला प्रशासन तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों के समक्ष स्पष्ट रूप से प्रगट किया। बैठक में नगांव जिला मंडल के विद्यालय निरीक्षक मृदुल कुमार नाथ, जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी विभूतिभूषण बरुवा, जिला परियोजना अधिकारी प्रशांत कोंवर, जिला अधिविद्या परिषद की सचिव पारुल गायन तथा सामान्य सचिव यज्ञेश्वर राजखोवा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले के शिक्षकों और शिक्षा प्रशासन के बीच सकारात्मक समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा पद्धति के अनुरूप आगे बढ़ने पर विशेष महत्व दिया गया।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें