अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस का अनोखे रूप में आयोजन - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस का अनोखे रूप में आयोजन



भारतीय जनता मजदूर सेल-असम प्रांत, नव्या लेडीज क्लब तथा मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी ग्रेटर के संयुक्त तत्वावधान में गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज के सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं श्रमिकों के साथ गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज के आपात सेवा विभाग के सभागार में विशेष कार्यक्रम के साथ अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस मनाया गया।


भारतीय जनता मजदूर सेल (BJMC) असम प्रांत के अध्यक्ष श्री दीपक पोद्दार के नेतृत्व में तथा नव्या लेडीज क्लब एवं मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी ग्रेटर के सहयोग से मई दिवस अर्थात "अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस" को एक विशेष और अलग तरीके से मनाया गया।


कार्यक्रम में गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज के सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारी बाबन सिंह एवं बलराज वाल्मीकि, नव्या लेडीज क्लब की ओर से पूनम बाजोरिया एवं रुपाली हिमतसिंका, मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी ग्रेटर के अरविंद साराफ तथा आमंत्रित अतिथि के रूप में गुवाहाटी कॉमर्स कॉलेज के ग्रंथपाल डॉ. उत्पल शर्मा मंचासीन रहे।


कार्यक्रम की शुरुआत श्रमिकों के हित में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले एवं कार्य के दौरान दिवंगत हुए श्रमिकों की आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखकर की गई।


भारतीय जनता मजदूर सेल, असम प्रांत के अध्यक्ष श्री दीपक पोद्दार ने जीएमसीएच के अंतर्गत ठेका आधारित श्रमिकों के रूप में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं तथा सभी को गमछा पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही मिठाई एवं उपहार स्वरूप टिफिन बॉक्स वितरित किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वे श्रमिकों के अधिकारों और उन्हें मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।


उन्होंने यह भी कहा कि BJMC असम के सभी श्रमिकों के कल्याण हेतु अपने दायित्वों का विस्तार करने के लिए सदैव तत्पर रहेगा। संगठित एवं असंगठित क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों की समस्याओं का विश्लेषण कर उनके समाधान हेतु निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य किया जाएगा।


श्रमिक नेता बाबन सिंह एवं बलराज वाल्मीकि ने इस आयोजन के लिए अपनी खुशी व्यक्त करते हुए आयोजकों को धन्यवाद दिया। नव्या लेडीज क्लब की ओर से पूनम बाजोरिया एवं रुपाली हिमतसिंका तथा मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी ग्रेटर के अरविंद साराफ ने भी अपने विचार व्यक्त किए।


अतिथि के रूप में डॉ. उत्पल शर्मा ने इस प्रकार के विशेष आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की और कहा कि भारतीय जनता मजदूर सेल के अंतर्गत श्रमिक अपने अधिकारों एवं उचित सुविधाओं को प्राप्त करने में सक्षम होंगे।


अंत में BJMC असम प्रांत के अध्यक्ष श्री दीपक पोद्दार ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें