गुवाहाटी, स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक सदी से अधिक समय से योगदान दे रहा मारवाड़ी हास्पिटल अपने 110वें स्थापना दिवस को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रखकर जनसेवा के विशेष अभियान के रूप में मना रहा है। 16 मई, शनिवार को अस्पताल द्वारा मरीजों के लिए निःशुल्क ओपीडी सुविधा तथा विभिन्न जांच सेवाओं पर विशेष छूट की घोषणा की गई है, जिसे शहर के स्वास्थ्य क्षेत्र में सकारात्मक पहल माना जा रहा है।
मारवाड़ी हॉस्पिटल्स की अभिभावक संस्था श्री मारवाड़ी दातब्य औषधालय वर्षों से समाजसेवा एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रही है। स्थापना दिवस के अवसर पर अस्पताल द्वारा दोपहर 2 बजे तक 100 प्रतिशत निःशुल्क ओपीडी रजिस्ट्रेशन एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही सभी लैब और रेडियोलॉजी जांचों पर 20 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि वर्तमान समय में बढ़ती स्वास्थ्य लागत के बीच इस प्रकार की पहल आम लोगों, विशेषकर मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के मरीजों के लिए काफी राहतकारी साबित हो सकती है। गुवाहाटी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मारवाड़ी हॉस्पिटल्स की सेवाओं का लाभ लेते हैं, ऐसे में स्थापना दिवस पर दी जा रही यह सुविधा सामाजिक उत्तरदायित्व का भी उदाहरण प्रस्तुत करती है।
अस्पताल प्रबंधन ने लोगों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि संस्थान आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित है। अस्पताल में एडवांस्ड लैब सर्विसेज, अत्याधुनिक रेडियोलॉजी सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा संस्थान को एनएबीएच (NABH) की मान्यता भी प्राप्त है।
स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े जानकारों के अनुसार, 110 वर्षों की यात्रा किसी भी संस्था के लिए विश्वास, सेवा और निरंतर विकास का प्रतीक होती है। ऐसे में स्थापना दिवस पर मरीजों को राहत देने वाली यह पहल अस्पताल की सामाजिक प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें