बंगाईगांव विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. तरीनी डेका रहे मुख्य अतिथि
बंगाईगांव: मारवाड़ी सम्मेलन, बंगाईगांव शाखा तथा महिला शाखा के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को स्थानीय तेरापंथ भवन में एक भव्य 'प्रतिभा अभिनंदन समारोह' का आयोजन किया गया। इस समारोह में वर्ष 2025-2026 की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा उच्च शिक्षा या व्यावसायिक शैक्षणिक डिग्री में उत्तीर्ण होकर मारवाड़ी समाज का नाम रोशन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि बंगाईगांव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. तरीनी डेका थे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। वहीं बंगाईगांव विश्वविद्यालय के कार्यभार प्राप्त परीक्षा नियंत्रक भवानी प्रसाद शर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मारवाड़ी सम्मेलन, बंगाईगांव के अध्यक्ष अनिल कुमार सुराणा ने की। मंच पर उनके साथ महिला शाखा की अध्यक्षा मंजू दुगड़, प्रांतीय उपाध्यक्ष राजेन्द्र हरलालका, शाखा सचिव राजकुमार कोठारी और महिला शाखा सचिव चंदा भंसाली आसीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रोफेसर डॉ. तरीनी डेका द्वारा असम के साहित्यकार एवं फिल्म निर्माता ज्योति प्रसाद अग्रवाला की प्रति छवि के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ मंचस्थ अतिथियों द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद महिला शाखा की सदस्य बहनों द्वारा मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। असम की समृद्ध संस्कृति को सम्मान देते हुए समारोह की औपचारिक शुरुआत 'असम के जातीय गीत' (ओ मोर आपोनार देश) के साथ की गई। मारवाड़ी सम्मेलन तथा महिला शाखा द्वारा मुख्य अतिथि को राजस्थानी चुनरी ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ. तरीनी डेका ने विद्यार्थियों को प्रेरणा का मंत्र देते हुए अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत की सराहना की और उन्हें भविष्य में और अधिक ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया। मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष, महिला शाखा की अध्यक्षा तथा प्रांतीय उपाध्यक्ष ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में उनके योगदान के महत्व को रेखांकित किया। समारोह में उपस्थित सभी प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का पारंपरिक राजस्थानी दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया और उन्हें प्रमाण पत्र व सप्रेम भेंट (उपहार) प्रदान किए गए। इस दौरान कक्षा 10वीं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने के लिए लक्ष्य सुराणा तथा कक्षा 12वीं में उच्चतम अंक हासिल करने के लिए हर्ष धानुका को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस वर्ष प्रतिभा अभिनंदन समारोह की खास बात यह रही कि समाज की दो बहूओं ने भी कानून की परीक्षा अच्छे नंबरों से उत्तीर्ण की।
पूरे कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन शाखा सचिव एवं महेश कुमार अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। समारोह के अंत में महिला शाखा की सचिव ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन दिया। सम्मेलन के सभी कार्यक्रमों में विशेष रूप से तेरापंथ भवन उपलब्ध कराने के लिए सम्मेलन की दोनों शाखाओं की ओर से तेरापंथ सभा के अध्यक्ष अखयचंद बैद को विशेष धन्यवाद दिया गया। सामूहिक राष्ट्रगान के साथ इस गौरवमयी समारोह का समापन हुआ। इस अभिनंदन समारोह को पूरी तरह सफल बनाने में मारवाड़ी सम्मेलन तथा महिला शाखा के सभी सदस्यों का भरपूर सहयोग रहा जिसके कारण प्रतिभा अभिनंदन समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ।












कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें