लायंस जिला की प्रारंभिक कैबिनेट बैठक आयोजित - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

लायंस जिला की प्रारंभिक कैबिनेट बैठक आयोजित

 


गुवाहाटी, लायंस जिला 322 जी के निर्वाचित जिला पाल मनोज भजनका के कुशल नेतृत्व एवं आगामी लायनिस्टिक वर्ष 2026–27 “मंथन” की तैयारियों के तहत एक महत्वपूर्ण प्रारंभिक कैबिनेट बैठक का आयोजन सोनपुर के एक रिसॉर्ट में संपन्न हुआ। इस बैठक में लायंस जिला 322 जी के 95 से अधिक वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित सदस्यों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही, जो आने वाले वर्ष के लिए लायंस जिला नेतृत्व की प्रतिबद्धता एवं सकारात्मक सोच को दर्शाती है।


बैठक में लायंस जिलापाल, लायंस जिला उपाध्यक्ष प्रथम, लायंस जिला उपाध्यक्ष द्वितीय, पूर्व जिलापाल, जीएटी कोऑर्डिनेटर, ज़ोन चेयरपर्सन, कैबिनेट ऑफिसर्स एवं लायंस जिले के अनेक वरिष्ठ लायंस पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर लायंस इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय निदेशक पंकज मेहता की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायी एवं गरिमामय बना दिया।


बैठक की अध्यक्षता लायंस जिलापाल मनोज भजनका ने की। उन्होंने आगामी वर्ष के लिए लायंस जिला की कार्ययोजना एवं विज़न से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण एजेंडा बिंदुओं को सदन के समक्ष रखा। बैठक में सदस्यता वृद्धि, नए क्लब गठन, सेवा गतिविधियाँ, लीडरशिप डेवलपमेंट, एलसीआईएफ पहल, डिस्ट्रिक्ट बजट योजना, प्रतियोगिताओं के नियम, प्रशासनिक विषयों एवं वर्ष 2026–27 के रणनीतिक लक्ष्यों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।


बैठक का वातावरण अत्यंत सकारात्मक एवं रचनात्मक रहा, जिसमें सभी सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कई महत्वपूर्ण निर्णयों एवं नीतिगत विषयों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई, जिन्हें आगामी लायनिस्टिक वर्ष की प्रथम आधिकारिक कैबिनेट मीटिंग में औपचारिक रूप से अनुमोदित किया जाएगा।


इस प्रारंभिक कैबिनेट बैठक ने नेतृत्व टीम की एकजुटता, दूरदृष्टि एवं सेवा भावना को प्रदर्शित किया तथा मनोज भजनका के नेतृत्व में सेवा, मानवता एवं संगठनात्मक उत्कृष्टता की दिशा में एक सशक्त शुरुआत का संदेश दिया। यह जानकारी लायंस जिला जनसंपर्क सचिव सुनील अजीतसरिया ने दी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें