धार्मिक महिला समिति बरपेटा रोड के तत्वावधान में तीन दिवसीय श्री पुरुषोत्तम अधिकमास महात्म्य कथा का भक्तिमय आयोजन संपन्न - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

धार्मिक महिला समिति बरपेटा रोड के तत्वावधान में तीन दिवसीय श्री पुरुषोत्तम अधिकमास महात्म्य कथा का भक्तिमय आयोजन संपन्न



बरपेटा रोड स्थित श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी के पवित्र प्रांगण में धार्मिक महिला समिति, बरपेटा रोड के तत्वावधान में दिनांक 18, 19 एवं 20 मई 2026 को आयोजित तीन दिवसीय “श्री पुरुषोत्तम अधिकमास महात्म्य कथा” का दिव्य एवं भक्तिमय आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के मध्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से 5:30 बजे तक आयोजित इस कथा महोत्सव में श्रद्धालु भक्तगणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कथा वाचन का पावन दायित्व कथावाचक पंडित रामदेव पारीक जी द्वारा संपन्न किया गया। इस पावन आयोजन में पंडित श्री विकास जी शर्मा ने माला एवं मंत्र जाप द्वारा सहयोग प्रदान किया, वहीं श्री पवन जी शर्मा ने अपने मधुर भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में भावविभोर कर दिया।”

तीनों दिवसीय कथा प्रसंगों में श्रद्धालुओं को पुरुषोत्तम अधिकमास का दिव्य महात्म्य, भक्ति, दान, धर्म, सत्संग एवं मानव जीवन को सार्थक बनाने वाली अमूल्य शिक्षाओं का विस्तृत वर्णन सुनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। कथा के प्रथम दिवस अधिकमास के महत्व, भगवान श्रीहरि की महिमा, सत्संग के प्रभाव, गुरु की महिमा तथा मानव जीवन के उद्देश्य का सुंदर एवं प्रेरणादायी वर्णन किया गया। साथ ही दीपदान, दया, दान एवं धर्म के महत्व को भी विस्तारपूर्वक समझाया गया।

       द्वितीय दिवस की कथा में पुरुषोत्तम मास में किए जाने वाले व्रत, पूजन, जप, तप एवं दान की महिमा का वर्णन किया गया। 33 मालपुओं का महत्व, अयाची भाव, पतिव्रता नारी के गुण, परिक्रमा का महत्व एवं शिव महिमा जैसे दिव्य प्रसंगों ने वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया।

         तृतीय एवं अंतिम दिवस भगवान की भक्ति, नामस्मरण, सेवा, श्रद्धा एवं पूर्ण समर्पण के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला गया। साथ ही सत्कर्म, सदाचार एवं प्रभु शरणागति द्वारा मानव जीवन को सफल एवं सार्थक बनाने का प्रेरणादायी संदेश प्रदान किया गया। कथा समापन अवसर पर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर होकर भगवान श्री पुरुषोत्तम प्रभु का स्मरण करते हुए परिवार एवं समाज के सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना की।

             इस दिव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन को सफल बनाने में धार्मिक महिला समिति बरपेटा रोड की समस्त सदस्यों का भरपूर सहयोग एवं समर्पण सराहनीय रहा। समिति ने आयोजन को सफल बनाने हेतु सभी मातृशक्ति, श्रद्धालु भक्तगण, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति हृदय से आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया। धार्मिक महिला समिति ने भविष्य में भी ऐसे आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज में धर्म, संस्कार एवं आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करने का संकल्प व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें