सुसंस्कृत तथा संगठित समाज के निर्माण में वरिष्ठ नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा उन्हें गरिमा पूर्ण जीवन जीने हेतु वातावरण प्रदान करना समाज की जिम्मेदारी है:: शिलादित्य देव
रमेश मुन्दड़ा
होजाई: असम सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त वरिष्ठ नागरिक संगठन- "असम वरिष्ठ नागरिक सम्मेलन" की होजाई जिला संगठन का प्रथम द्विवार्षिक अधिवेशन आज नया बाजार स्थित साहित्य सभा भवन में एकदिवसीय कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ। सुबह 9 बजे सम्मेलन का ध्वजारोहण कर कार्यक्रम आरम्भ हुआ। जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा ने गत दो वर्षों में संगठन द्वारा प्राप्त हुए संगठनात्मक तथा अन्य क्षेत्रों में हुए समग्र उन्नयन का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया तथा आगामी कार्ययोजना संबंधी विचार रखें। तत्पश्चात स्मृतिस्मरण कार्यक्रम में मुख्य तर्पणकर्ता के रूप में डॉ. गुणेश्वर सैकिया तथा प्रमुख दानदाता के रूप में दिलीप वर्धन देव ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुबह लगभग 10:30 बजे जिले की सभी शाखाओं से आए लगभग दो सौ प्रतिनिधि वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति में प्रतिनिधि तथा विषय-चयन बैठक आयोजित हुई। इसमें सचिव अनुप कुमार बरठाकुर ने गत कार्यवर्ष की गतिविधियों सहित संपादकीय प्रतिवेदन पढ़ा और लेखापरीक्षक उत्पल कुमार शर्मा ने लेखा-परियोजना की प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। दोनों प्रतिवेदनों को सभा ने अनुमोदित कर लिया। इसके पश्चात् अध्यक्ष द्वारा कार्यकारी समिति से तात्कालिक पदत्याग प्रस्तुत किया गया।
साधारण सभा ने सर्वसम्मति से नवगठित कार्यकारिणी का चुनाव सम्पन्न किया। चयनित कार्यकारिणी में कृष्ण कुमार शर्मा को अध्यक्ष, डॉ. शमसुल हक को कार्यकारी अध्यक्ष, कृष्ण कुमार दत्त तथा मुकुट देव गोस्वामी को उपाध्यक्ष, रिपेन चन्द्र बराक को सहायक सचिव, प्रदीप बोरा तथा कृष्णराम बरदौलाई को संगठनात्मक सचिव, कछसुल हक को वित्त सचिव, जामाल अहमद को प्रचार सचिव, डॉ. सैदुल इस्लाम को स्वास्थ्य सचिव तथा अनिमा बरुआ को शिक्षा एवं प्रकाशन सचिव के पदों पर पदेन नियुक्त किया गया। इसी प्रकार पच्चीस सदस्यीय कार्यकारिणी गठित की गई।
सभा ने डॉ. गुणेश्वर
सैकिया, दिलीप वर्धन, फैज़ुल हक, कल्पना देवी गोस्वामी तथा तोशेश्वर तमुली फुकन को परामर्शदाता के रूप में मनोनीत किया।
दोपहर 2 बजे आयोजित खुले बैठक का उद्घाटन होजाई विधान सभा के नव निर्वाचित विधायक शिलादित्य देव ने किया। उद्घाटन सत्र में विधायक ने कहा कि एक सुसंस्कृत तथा संगठित समाज के निर्माण में वरिष्ठ नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा उन्हें गरिमा पूर्ण जीवन जीने हेतु वातावरण प्रदान करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के निवारण हेतु पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इससे पूर्व जिला सम्मेलन की ओर से नव निर्वाचित विधायक का भव्य अभिनन्दन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित असम वरिष्ठ नागरिक सम्मेलन के प्रधान संपादक प्रसन्न कुमार बरठाकुर ने प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों की न्यायसंगत माँगों तथा उनसे सम्बद्ध शिकायतों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि माननीय मुख्यमंत्री के साथ हालिया वार्ता में सम्मेलन को सकारात्मक सहयोग प्राप्त हुआ है।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें