माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक के विद्यार्थियों का किया गया सम्मान
गुवाहाटी, नारायण नगर स्थित शिशु निकेतन हाइयर सेकेंडरी स्कूल द्वारा आज विद्यालय परिसर में माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षा में इस वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय प्रांगन में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यालय सचिव प्रदीप जैन, प्रबंधन समिति के कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार लोहिया तथा अन्य गणमान्य सदस्य, प्रधानाचार्या श्रीमती रीना भौमिक, उप प्रधानाचार्या सरवरी दास, विद्यार्थी गण, अभिभावक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्या श्रीमती रीना भौमिक ने सभी का अभिवादन करते हुए विद्यालय के उत्कृष्ट नतीजों पर खुशी जाहिर की। उन्होंने विद्यार्थियों के जीवन के नये अध्याय की शुरुआत नैतिक मूल्यों के साथ करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदीप जैन ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय परिसर के बाहर का अध्ययन जगत प्रतिस्पर्धा से भरपूर है जहाँ खुद की पहचान बना कर पैरों पर खड़े होना असाध्य तो नहीं पर कठिन है। अतः अपने विषय चयन और कैरियर का निर्णय सोच समझकर लेने की सलाह दी।
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिसमें कनिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किए गए।
समारोह में माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षा में प्रथम श्रेणी तथा विशिष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को फूलम-गामोसा, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं शिक्षकों को दिया।
उप प्रधानाचार्या श्रीमती सरवरी दास ने विद्यार्थियों को प्रधानाचार्या एवं मुख्य अतिथि के सलाह को याद रखते हुए अपने लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा दी। शिक्षकों ने भी अपने वक्तव्य में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए आगे बढने की प्रेरणा दी। अभिभावकों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए मेहनत, शिक्षकों को सम्मान, नैतिकता, अनुशासन के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। अंत मे वरिष्ठ शिक्षिका शिक्षिका द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया एवं राष्ट्रीय गान गाकर समारोह का समापन हुआ।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें