मोरानहाट में पुप्रमास का दो दिवसीय प्रांतीय लघु अधिवेशन आज से - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

मोरानहाट में पुप्रमास का दो दिवसीय प्रांतीय लघु अधिवेशन आज से



“समन्वय 2026” में सेवा, समाज और समन्वय पर होगा मंथन 


गुवाहाटी, पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन (पुप्रमास) का प्रांतीय लघु अधिवेशन “समन्वय 2026” आगामी 16 और 17 मई को मोरानहाट स्थित राधाकृष्ण विवाह भवन परिसर में आयोजित किया जाएगा। “सशक्त समाज : उज्ज्वल भविष्य” विषय पर आधारित इस दो दिवसीय आयोजन की मेजबानी सम्मेलन परिवार की मोरानहाट शाखा करेगी। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और पूर्वोत्तर की विभिन्न शाखाओं से बड़ी संख्या में पहुंच रहे है।

अधिवेशन में सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गोयनका, राष्ट्रीय संगठन मंत्री बसंत सुराणा, प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा, प्रांतीय उपाध्यक्ष (मुख्यालय) बिनोद लोहिया, प्रांतीय महामंत्री रमेश कुमार चांडक, प्रांतीय संगठन मंत्री मनोज काला सहित प्रांतीय टीम के कई पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य एवं संयोजक शामिल होंगे। प्रांतिय जनसंपर्क संयोजक विवेक सांगानेरिया ने बताया कि आयोजन में पूर्वोत्तर की विभिन्न शाखाओं से बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना जताई गई है।

आयोजन को सफल बनाने के लिए मोरानहाट शाखा ने 40 से अधिक सदस्यों को शामिल करते हुए एक विस्तृत स्वागत समिति का गठन किया है। स्वागताध्यक्ष ओमप्रकाश गाड़ोदिया के नेतृत्व में विभिन्न समितियों को भोजन, आवास, पंजीकरण, यातायात, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मान समारोह, टॉक शो, नामघर दर्शन और सभा संचालन जैसी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आयोजन से जुड़े लगभग 150 सदस्य विभिन्न व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।

16 मई को सुबह से देर रात तक चलने वाले कार्यक्रमों में कार्यकारिणी सभा, टॉक शो, विशेष सम्मान समारोह, सांस्कृतिक संध्या, चौपाल और “शार्क टैंक” शैली का हास्य-व्यवसायिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण होंगे।

“समन्वय” विषय पर आयोजित परिचर्चा में समाज के विभिन्न संगठनों और घटकों के बीच बेहतर तालमेल, संकट के समय सामाजिक एकजुटता तथा स्थानीय समाजों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंधों पर चर्चा की जाएगी। इस चर्चा में कैलाश काबरा, राज चौधरी, शालिनी बगड़िया, गोपाल जालान और टीवी डिबेटर ललित जैन भाग लेंगे।

रात्रि में आयोजित विशेष म्यूजिकल सम्मान समारोह में सम्मेलन के पूर्व और वर्तमान नेतृत्व से जुड़े विशिष्ट लोगों का नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में समाज की महिलाओं और युवतियों द्वारा समन्वय की भावना पर आधारित प्रस्तुतियां दी जाएंगी।


नामघर दर्शन से हास्य महफिल तक


17 मई को प्रतिनिधियों का जत्था स्थानीय नामघर में जाकर दर्शन और सेवा कार्य में भाग लेगा। इसके बाद प्रांतीय सभा, मोटिवेशनल सत्र और हास्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। जेसीआई के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष शिलांग के अंकुर झुनझुनवाला प्रेरक वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि राजस्थान के प्रसिद्ध हास्य कवि हरीश हिंदुस्तानी अपनी प्रस्तुति से माहौल को जीवंत बनाएंगे।

समापन समारोह में प्रतिनिधियों को मोरान समाज की ओर से पारंपरिक विदाई दी जाएगी। आयोजन के दौरान दोनों दिनों में इतर समाज के एक-एक विशिष्ट व्यक्ति का नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा।

मोरानहाट शाखा अध्यक्ष बिनोद अग्रवाल और स्वागताध्यक्ष ओमप्रकाश गाड़ोदिया ने कहा कि आयोजन को यादगार बनाने के लिए पूरी टीम लगातार जुटी हुई है और प्रांतीय नेतृत्व का पूरा सहयोग मिल रहा है। शाखा सचिव छगनलाल माड़ोदिया और स्वागत मंत्री पवन मोर ने पूर्वोत्तर की सभी शाखाओं से अधिकाधिक संख्या में सहभागिता निभाने का आग्रह किया है। पंजीकरण प्रभारी अर्जुन भरतिया और प्रांतीय संयुक्त मंत्री बिरेन अग्रवाल ने बताया कि पंजीकरण कार्य लगभग पूरा हो चुका हैं। आवास व्यवस्था प्रभारी अशोक बेड़िया सम्भल रहे हैं।

मारवाड़ी युवा मंच मोरानहाट शाखा की अध्यक्ष स्वीटी शर्मा, सचिव मनीष बेड़िया तथा मारवाड़ी महिला सम्मेलन मोरानहाट शाखा की अध्यक्ष प्रभा अग्रवाल और सचिव सुनीता निर्मल अग्रवाल ने भी आयोजन में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प दोहराया है।

आयोजन समिति ने पूर्वोत्तर के सभी सम्मेलन परिवारों, समाजबंधुओं और प्रतिनिधियों से “समन्वय 2026” में भाग लेकर सामाजिक एकता, सहयोग और समन्वय की नई मिसाल कायम करने का आह्वान किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें