मारवाड़ी हॉस्पिटल्स के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व शर्मा बतौर मुख्य अतिथि रहेंगे उपस्थित
गुवाहाटी, पूर्वोत्तर भारत की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी तथा मारवाड़ी हॉस्पिटल्स की अभिभावक संस्था श्री मारवाड़ी दातव्य औषधालय (एसएमडीए) अपने गौरवशाली 110 वर्षों की सेवा यात्रा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक भव्य समारोह का आयोजन करने जा रहा है। ऐसे में आगामी 25 जून को मारवाड़ी हॉस्पिटल्स संस्था के 110वें स्थापना वर्ष समारोह का भव्य आयोजन माछखोवा स्थित आईटीए सेंटर में सुबह 10.30 बजे से किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में उत्साह का माहौल है।
एसएमडीए के अध्यक्ष शरत जैन ने बताया कि समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं असम सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के मंत्री अशोक सिंघल तथा विधायक डॉ. विजय गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की गरिमा बढ़ाएंगे।
श्री जैन ने कहा कि श्री मारवाड़ी दातव्य औषधालय पिछले 110 वर्षों से समाज के विभिन्न वर्गों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ मानवीय सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देता आ रहा है। संस्था ने समय-समय पर जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए चिकित्सा सहायता, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा सामाजिक सेवा गतिविधियों के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। संस्था की यह लंबी और गौरवशाली यात्रा समाज सेवा, समर्पण एवं जनहित के मूल्यों की प्रेरणादायक मिसाल मानी जाती है।
सचिव किशोर साबू ने बताया कि समारोह के दौरान संस्था की उपलब्धियों, सेवा कार्यों एवं भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला जाएगा। साथ ही संस्था से जुड़े वरिष्ठ सदस्यों, समाजसेवियों एवं विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया जायेगा।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में प्रसिद्ध वायलिन वादक एवं गायिका सुनीता खाऊड भुइयां अपनी मनमोहक प्रस्तुति देंगी। उनकी प्रस्तुति समारोह का प्रमुख आकर्षण होगी, जिसका आनंद उपस्थित अतिथि एवं समाजबंधु उठा सकेंगे।
संस्था के पदाधिकारियों ने समाज के सभी लोगों से इस ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण अवसर पर अपने परिवार, मित्रों और रिश्तेदारों सहित बड़ी संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि 110 वर्षों की यह उपलब्धि केवल संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक सफलता और गौरव का प्रतीक है। ऐसे में सभी की सहभागिता इस समारोह को और अधिक भव्य एवं यादगार बनाएगी।
आयोजकों ने सभी आमंत्रित अतिथियों एवं नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे प्रातः 10:15 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपना स्थान ग्रहण करने का आग्रह किया, ताकि समारोह का शुभारंभ निर्धारित समय पर सुचारु रूप से किया जा सके।
यह समारोह न केवल श्री मारवाड़ी दातव्य औषधालय की ऐतिहासिक यात्रा का उत्सव होगा, बल्कि समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और सामुदायिक एकता के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें