रोहा, रोहा के फुलगुड़ी पका नामघर प्रांगण में फुलगुड़ी उदीयमान युवक संघ के तत्वावधान में, किडनी हॉस्पिटल आईयूकेडी एवं ईएसकेएफ तथा हेल्पिंग हैंड संस्था के सहयोग से एक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का शुभारंभ पूर्वाह्न 11 बजे हुआ, जिसमें लगभग 200 पुरुषों एवं महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श तथा नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
इस अवसर पर चिकित्सक डॉ. मनीषा ठाकुरिया एवं डॉ. विपुल पान्ना ने किडनी संबंधी रोग, मूत्र संबंधी समस्याएं, किडनी स्टोन, पुरुषों में प्रोस्टेट संबंधी समस्याएं, किडनी फेल्योर तथा अन्य यूरोलॉजिकल रोगों से पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह प्रदान की।
कार्यक्रम में हेल्पिंग हैंड संस्था के अध्यक्ष जतींद्र नाथ कृष्ण दास, समाजसेवी लखीप्रसाद डेका, रोहा आंचलिक छात्र संस्था (आसू) के अध्यक्ष संजय कुमार काकोति, फुलगुड़ी उदीयमान युवक संघ के मुख्य सलाहकार दिव्यज्योति नाथ, अध्यक्ष सौरभ नाथ, सचिव उत्पल नाथ सहित संघ के सदस्य, हेल्पिंग हैंड संस्था के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय पुरुष एवं महिलाएं उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराना है, जिससे आमजन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो सकें और समय रहते उपचार प्राप्त कर सकें।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें