तेजपुर, लायंस क्लब ऑफ तेजपुर ग्रेटर एवं मारवाड़ी युवा मंच तेजपुर जागृति शाखा के संयुक्त तत्वावधान में तथा गौहाटी लायंस आई हॉस्पिटल के सहयोग से कामरूपिया सनातन धर्म मंडली, तेजपुर परिसर में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद सर्जरी चयन शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मारवाड़ी युवा मंच तेजपुर जागृति शाखा की पूर्व अध्यक्षा श्रीमती पूनम शर्मा पांडिया ने किया। उद्घाटन समारोह में कामरूपिया सनातन धर्म मंडली के कार्यकारी अध्यक्ष श्री विद्याधर लहकर एवं उपाध्यक्ष श्री नागेन लहकर को असमिया गामोसा भेंट कर सम्मानित किया गया। शिविर के लिए स्थल उपलब्ध कराने तथा प्रचार-प्रसार में दिए गए महत्वपूर्ण सहयोग के लिए आयोजकों ने मंडली के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कामरूपिया सनातन धर्म मंडली की ओर से लायंस क्लब ऑफ तेजपुर ग्रेटर के अध्यक्ष एवं समाजसेवी लायन राजीव जैन को स्वास्थ्य एवं नेत्र सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान तथा निरंतर जनसेवा के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में लायन राजीव जैन ने बताया कि उनके नेतृत्व में अब तक 60 से अधिक नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों के माध्यम से 800 से अधिक मोतियाबिंद रोगियों की पहचान कर उनका सफल उपचार एवं सर्जरी कराई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से यह सेवा अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा जरूरतमंद लोगों तक बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जाता रहेगा।
गौहाटी लायंस आई हॉस्पिटल से पधारे ऑप्टोमेट्रिस्ट श्री तापस बिस्वास ने नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर प्रकाश डालते हुए नियमित नेत्र परीक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।
मारवाड़ी युवा मंच तेजपुर जागृति शाखा की अध्यक्षा श्रीमती रजनी डागा, स्वास्थ्य संयोजिका श्रीमती मधु जैन, सह संयोजिका श्रीमती बिना अग्रवाल, सचिव श्रीमती मीनिता शर्मा, कोषाध्यक्षा श्रीमती पारुल अग्रवाल सहित शाखा की अनेक सदस्याएं एवं सलाहकारगण शिविर में उपस्थित रहे तथा सेवा कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
लायंस क्लब ऑफ तेजपुर ग्रेटर की ओर से अध्यक्ष लायन राजीव जैन, सचिव-निर्वाचित लायन इनु गोगोई तथा क्लब की वरिष्ठ एवं सक्रिय सदस्य लायन मीनाक्षी गोस्वामी भी उपस्थित रहीं।
शिविर के सफल संचालन में स्वयंसेविका रिंकी दास ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा पंजीकरण, रोगी समन्वय एवं व्यवस्थाओं के संचालन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
शिविर के दौरान कुल 170 लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत 37 मोतियाबिंद रोगियों का चयन कर उन्हें आगे की चिकित्सा एवं सर्जरी हेतु गौहाटी लायंस आई हॉस्पिटल भेजने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। चयनित मरीजों को आगामी 6 जुलाई को सर्जरी के लिए गुवाहाटी ले जाया जाएगा तथा 8 जुलाई को सर्जरी एवं उपचार के उपरांत पुनः तेजपुर वापस लाया जाएगा। मरीजों के आवागमन, उपचार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं आयोजक संस्थाओं द्वारा पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगी संस्थाओं, चिकित्सकीय दल, स्वयंसेवकों एवं उपस्थित लाभार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें