लखीमपुर में प्रभात फेरी, शिव आराधना, प्रतिभा सम्मान और सामाजिक चिंतन के साथ संपन्न हुआ माहेश्वरी समाज का त्रिदिवसीय महेश नवमी महोत्सव - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

लखीमपुर में प्रभात फेरी, शिव आराधना, प्रतिभा सम्मान और सामाजिक चिंतन के साथ संपन्न हुआ माहेश्वरी समाज का त्रिदिवसीय महेश नवमी महोत्सव



ज्ञान, संस्कार, संगठन, सामाजिक एकता और धार्मिक चेतना का बना प्रेरणादायी संगम


लखीमपुर से राजेश राठी और ओमप्रकाश तिवाड़ी की रिपोर्ट 


लखीमपुर, महेश नवमी अर्थात माहेश्वरी वंशोत्पत्ति दिवस के पावन अवसर पर लखीमपुर माहेश्वरी समाज द्वारा आयोजित त्रिदिवसीय महेश नवमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव के वातावरण में संपन्न हो गया। तीन दिनों तक चले इस महोत्सव ने समाज के बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठजनों को एक मंच पर लाकर धार्मिक आस्था, सामाजिक उत्तरदायित्व, संगठनात्मक सक्रियता, शिक्षा, संस्कार और सामूहिक सहभागिता का प्रेरणादायी संदेश दिया। महोत्सव का समापन मंगलवार प्रातः स्थानीय श्री श्री सीतारामजी ठाकुरवाड़ी मंदिर से निकाली गई भव्य प्रभात फेरी के साथ हुआ। प्रातः 6 बजे आरंभ हुई प्रभात फेरी में समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक शामिल हुए। भगवान महेश के जयघोष, “ॐ नमः शिवाय” के मंत्रोच्चार तथा कीर्तन से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। प्रभात फेरी नगर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना, सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का औपचारिक समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने समाज की सुख-समृद्धि, उन्नति, एकता और कल्याण की मंगलकामना की।समापन अवसर पर माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष रामेश्वर तापड़िया ने कहा कि महेश नवमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने, नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने आयोजन की सफलता में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों, प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। महोत्सव के अंतर्गत 21 जून को स्थानीय वासुदेव कल्याण ट्रस्ट के सभागार में माहेश्वरी सभा, माहेश्वरी महिला संगठन एवं माहेश्वरी युवा संगठन की संयुक्त सामूहिक सभा का आयोजन माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष रामेश्वर तापड़िया की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सोनम चांडक ने किया। उन्होंने मंच पर महिला संगठन की उपाध्यक्ष श्रीमती बबीता तोषनीवाल, सचिव श्रीमती पूजा लाखोटिया, युवा संगठन के अध्यक्ष श्री नारायण लाखोटिया, सचिव सूर्य लोहिया, सभा सह-सचिव प्रदीप जाजू, अखिल भारतीय कार्यमंडल सदस्य नंदकिशोर राठी एवं मानिकलाल दम्माणी, अखिल भारतीय युवा कार्यसमिति सदस्य सुरेंद्र मूंधड़ा तथा कार्यक्रम संयोजक प्रहलाद राय तापड़िया को आमंत्रित कर मंच गठन कराया। भगवान महेश की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ तथा अखिल भारतीय कार्यमंडल सदस्यों का फुलाम गमछा से अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में नन्ही बालिका द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना तथा महिला संगठन की सदस्याओं द्वारा मधुर स्वर में प्रस्तुत महेश वंदना एवं नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात तीनों संगठनों के सचिवों ने अपने-अपने प्रतिवेदन प्रस्तुत कर वर्षभर की गतिविधियों की जानकारी समाज के समक्ष रखी। महिला संगठन द्वारा आयोजित एक्यूप्रेशर शिविर, युवा संगठन की वक्तृत्व प्रतियोगिताएँ तथा माहेश्वरी सभा के “संगठन आपके द्वार” एवं प्रस्तावित जनगणना कार्यक्रम की विशेष सराहना की गई। सभा के दौरान आयोजित “विचार मंथन” में समाज की घटती जनसंख्या, वैवाहिक संबंधों में आ रही चुनौतियाँ, समाजिक कार्यक्रमों में अपेक्षाकृत कम उपस्थिति तथा नई पीढ़ी की सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चर्चा हुई। उपस्थित समाजबंधुओं ने अपने विचार रखे तथा सामाजिक सुदृढ़ीकरण के लिए अनेक रचनात्मक सुझाव दिए। चर्चा के दौरान यह विचार प्रमुखता से सामने आया कि उच्च शिक्षा के कारण विवाह की आयु में हो रही वृद्धि भी कई सामाजिक चुनौतियों का एक कारण बन रही है। साथ ही घटती जनसंख्या को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाले 20 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इन विद्यार्थियों ने गत महेश नवमी के पश्चात माध्यमिक, उच्च माध्यमिक एवं विभिन्न उच्च तथा व्यावसायिक परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की थी।इस सम्मान समारोह ने समाज में शिक्षा और प्रतिभा प्रोत्साहन की भावना को और सशक्त बनाया। उसके पश्चात महेश नवमी के दूसरे चरण के इस कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रीति भोज के साथ हुआ। वहीं दूसरी तरफ महोत्सव के पहले चरण में आयोजित “ब्रेन ट्रेन क्विज़–4” एवं “बोली में दम, मंच पर हम 2.0” भाषण प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। माहेश्वरी सभा, माहेश्वरी महिला संगठन एवं माहेश्वरी युवा संगठन की लखीमपुर शाखा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 75 प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा, ज्ञान, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास एवं वक्तृत्व कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयोजन की सफलता में संयोजक संदीप लढ़ड़ एवं गौतम झंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों एवं पदाधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस अवसर पर माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष नारायण लाखोटिया एवं सचिव सूर्य लोहिया ने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि समाज के बच्चों एवं युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन प्रदान करने की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे आयोजन समाज में शिक्षा, संस्कार, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक मजबूत करेंगे। मालूम हो कि महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु माहेश्वरी सभा की ओर से प्रह्लाद राय तापड़िया, माहेश्वरी महिला संगठन की ओर से श्रीमती मनका राठी तथा माहेश्वरी युवा संगठन की ओर से सुरेंद्र मूंधड़ा को कार्यक्रम संयोजक का दायित्व सौंपा गया था। इनके नेतृत्व में तीनों संगठनों के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। पूरे महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, सामाजिक संवाद, प्रतिभा सम्मान, ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएँ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, संगठनात्मक चिंतन एवं सामूहिक सहभागिता का सुंदर समन्वय देखने को मिला। महेश नवमी महोत्सव 2026 न केवल धार्मिक आस्था का उत्सव बनकर उभरा, बल्कि समाज में शिक्षा, संस्कार, संगठन, पारिवारिक मूल्यों, सामाजिक जागरूकता और एकता को नई ऊर्जा प्रदान करने वाला प्रेरणादायी अवसर भी सिद्ध हुआ। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगान के साथ समाज की एकता, प्रगति और उज्ज्वल भविष्य का संकल्प दोहराया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें