विश्व रक्तदाता दिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित, लगभग 30 यूनिट रक्त संग्रहित - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

विश्व रक्तदाता दिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित, लगभग 30 यूनिट रक्त संग्रहित



पूजा माहेश्वरी

नगांव, विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन, नगांव शाखा एवं मारवाड़ी युवा मंच, नगांव शाखा के तत्वावधान मे और ब्लड सेंटर, बी.पी. सिविल हॉस्पिटल, नगांव के सहयोग से हैबरगांव स्थित श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति भवन में एक रक्तदान शिविर का आयोजन रविवार को किया गया। शिविर में लगभग 30 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मारवाड़ी सम्मेलन, नगांव शाखा के अध्यक्ष प्रमोद कोठारी ने की। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगांव-बटद्रवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रूपक शर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में नगांव के जिला आयुक्त देबाशीष शर्मा, बी.पी. सिविल हॉस्पिटल के संयुक्त निदेशक डॉ. जे. अहमद, ब्लड सेंटर के प्रभारी डॉ. दिलीप शर्मा, डॉ. बिनी बोरा तथा एनसीसी के सूबेदार केबांग, रिंकू दत्ता व मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष गौतम मुंदडा उपस्थित थे। मंचासीन सभी अतिथियों का फूल एवं पारंपरिक गमछा से सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत व जातीय संगीत से हुआ।इसके पश्चात ए ब ओ ब्लड ग्रुपिंग के संस्थापक डॉ कार्ल लैंड स्टेनर के चित्र के आगे माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से हुआ। स्वागत भाषण में मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष प्रमोद कोठारी ने सभी अतिथियों का अभिनंदन करते हुए मारवाड़ी समाज द्वारा किए जा रहे विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यों की जानकारी दी।

अपने संबोधन में विधायक रूपक शर्मा एवं जिला आयुक्त देबाशीष शर्मा ने मारवाड़ी सम्मेलन एवं मारवाड़ी युवा मंच द्वारा समाजहित में किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर गत वर्ष सर्वाधिक रक्तदान करने वाली संस्थाओं को सम्मानित भी किया गया। प्रथम पुरस्कार एनसीसी को लगभग 190 यूनिट रक्तदान करने के लिए प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार भारतीय जनता युवा मोर्चा को 110 यूनिट रक्तदान के लिए तथा तृतीय पुरस्कार तेरापंथ युवक परिषद, नगांव को 90 यूनिट रक्तदान के लिए प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के संयोजक झूमरमल दुगड़ एवं बसंत गगड़ थे। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में मारवाड़ी सम्मेलन के सचिव विजयराज किल्ला तथा मारवाड़ी युवा मंच के सचिव पंकज गाड़ोदिया का उल्लेखनीय योगदान रहा।

कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं युवाओं ने उपस्थित होकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

इस आशय की जानकारी मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त सचिव अरुण नागरका द्वारा प्रदान की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें