मुख्यमंत्री से मिले भाजपा प्रोफेशनल्स सेल के प्रदेश अध्यक्ष गौरव सोमानी, 3000 पेशेवरों को पार्टी से जोड़ने का लिया संकल्प - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

मुख्यमंत्री से मिले भाजपा प्रोफेशनल्स सेल के प्रदेश अध्यक्ष गौरव सोमानी, 3000 पेशेवरों को पार्टी से जोड़ने का लिया संकल्प



गुवाहाटी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश प्रोफेशनल्स सेल के प्रदेश अध्यक्ष गौरव सोमानी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार तथा प्रोफेशनल्स सेल की भावी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में गौरव सोमानी ने मुख्यमंत्री के समक्ष यह संकल्प दोहराया कि आगामी समय में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों—जैसे डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, आईटी प्रोफेशनल, अधिवक्ता एवं प्रबंधन विशेषज्ञ—से जुड़े 3000 से अधिक योग्य पेशेवरों को सक्रिय रूप से भारतीय जनता पार्टी की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।


इस अवसर पर सोमानी ने भाजपा प्रदेश प्रोफेशनल्स सेल द्वारा किए गए हालिया संगठनात्मक कार्यों, जनसंपर्क अभियानों तथा भविष्य की कार्ययोजना पर आधारित एक विस्तृत प्रगति रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपी।


बैठक में मुख्यमंत्री के ‘विकसित असम’ के विजन को साकार करने के लिए राज्य के प्रबुद्ध एवं कामकाजी वर्ग को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराने तथा उनके अनुभव एवं कौशल का उपयोग नीति-निर्माण में करने संबंधी रोडमैप पर भी चर्चा हुई।


मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रोफेशनल्स सेल द्वारा किए जा रहे प्रयासों एवं गौरव सोमानी के संगठनात्मक दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने सेल की आगामी जनकल्याणकारी पहलों एवं अभियानों को संगठन और सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन भी दिया।


मुलाकात के उपरांत गौरव सोमानी ने कहा, "आदरणीय मुख्यमंत्री का ऊर्जावान एवं नीति-आधारित नेतृत्व हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। राज्य का प्रबुद्ध वर्ग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा की विकासोन्मुखी नीतियों से प्रभावित है। मुख्यमंत्री से प्राप्त मार्गदर्शन के बाद हमारा प्रोफेशनल्स सेल असम के बौद्धिक वर्ग को पार्टी से जोड़कर संगठन को और मजबूत बनाने तथा राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेगा।"


इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक से यह संकेत मिलता है कि गौरव सोमानी के नेतृत्व में भाजपा प्रोफेशनल्स सेल आने वाले दिनों में असम के शहरी एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों के बुद्धिजीवियों के बीच अपनी पहुंच को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें