डॉ. इंदुप्रभा देवी को मिलेगा वासुदेव जालान स्मृति पुरस्कार
गुवाहाटी, असम और पूर्वोत्तर के विभिन्न नृजातीय समूहों के बीच एकता, सौहार्द और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से असम साहित्य सभा राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार समन्वय सम्मेलनों का आयोजन कर रही है। इसी क्रम में असम साहित्य सभा की पहल तथा असम नेपाली साहित्य सभा के सहयोग से आगामी 30 जून को अपराह्न 4 बजे महानगर के आमबाड़ी स्थित भगवती प्रसाद बरुआ भवन के संगीताचार्य लक्ष्मीराम बरुआ सदन में गोरखा समुदाय के एक बौद्धिक एवं सांस्कृतिक समागम का आयोजन किया जाएगा।
इस विशेष अवसर पर असम साहित्य सभा की ओर से प्रतिष्ठित वासुदेव जालान स्मृति पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस वर्ष यह सम्मान बी. बरुआ कॉलेज के असमिया विभाग की विभागाध्यक्ष, असमिया एवं नेपाली भाषा की प्रख्यात लेखिका, शोधकर्ता तथा असम नेपाली साहित्य सभा की कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. इंदुप्रभा देवी को उनके उल्लेखनीय साहित्यिक एवं शैक्षणिक योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय वासुदेव जालान एक प्रतिष्ठित समाजसेवी, व्यवसायी तथा कला एवं संस्कृति के समन्वयक थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता असम साहित्य सभा के अध्यक्ष डॉ. बसंत कुमार गोस्वामी करेंगे। समागम में असम नेपाली साहित्य सभा के अध्यक्ष डॉ. चिंतामणि शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. कालिदास शर्मा, पूर्व अध्यक्ष नव सापकोटा एवं दुर्गा खतिवड़ा, असम साहित्य सभा के उपाध्यक्ष पदुम राजखोवा तथा सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी एवं विशिष्ट साहित्यकार थानेश्वर मालाकार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
असम नेपाली साहित्य सभा के महासचिव तिलक शर्मा एवं असम साहित्य सभा के महासचिव देवजीत बोरा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस समागम में विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगी।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें