तेजपुर में 5 दिवसीय नेचुरोपैथी, एक्यूप्रेशर एवं कायरोप्रैक्टिक उपचार शिविर का शुभारंभ - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

तेजपुर में 5 दिवसीय नेचुरोपैथी, एक्यूप्रेशर एवं कायरोप्रैक्टिक उपचार शिविर का शुभारंभ



तेजपुर, मारवाड़ी युवा मंच, तेजपुर जागृति शाखा एवं कामरूपिया सनातन धर्म मंडली, तेजपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 5 दिवसीय नेचुरोपैथी, एक्यूप्रेशर एवं कायरोप्रैक्टिक उपचार शिविर का बुधवार को कामरूपिया सनातन धर्म मंडली परिसर में विधिवत शुभारंभ हुआ।


कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र की शुरुआत जागृति शाखा के सलाहकार कविंद्र जैन के मार्गदर्शन में हुई। इस अवसर पर कामरूपिया सनातन धर्म मंडली के सभापति श्याम बरुआ, उपसभापति नगेंन लहकर, संयुक्त सचिव कुलेन भराली, कोषाध्यक्ष विवेक तालुकदार, मारवाड़ी युवा मंच के शाखाध्यक्ष अंकित मंत्री, शाखा मंत्री अमन शारदा, जागृति शाखा के सलाहकार विष्णुकांत डागा, शाखा अध्यक्षा रजनी डागा तथा शाखा मंत्री मनीता शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।


कार्यक्रम का शुभारंभ चंद्रकांता बैंगाणी के कर-कमलों द्वारा उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों, अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सदस्याओं की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। शिविर के विशेष समन्वयक राजीव जैन एवं शिविर संयोजिका मधु जैन ने समस्त व्यवस्थाओं का कुशलतापूर्वक संचालन किया।


इस अवसर पर शिविर में पधारे विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. महेंद्र सिंह एवं डॉ. पंकज रांकावत का कामरूपिया सनातन धर्म मंडली की ओर से पारंपरिक असमिया फूलाम गमछा पहनाकर सम्मान किया गया। सम्मान समारोह के पश्चात उपचार शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया।


शिविर की विशेषता यह है कि यहां बिना किसी दवा अथवा सर्जरी के एक्यूप्रेशर, नेचुरोपैथी एवं कायरोप्रैक्टिक थेरेपी के माध्यम से अनेक जटिल एवं पुरानी बीमारियों का उपचार किया जा रहा है। शिविर के प्रथम दिन ही 53 लोगों ने पंजीकरण करवाकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से विभिन्न प्रकार की थेरेपियों का लाभ प्राप्त किया। उपस्थित लोगों ने अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में चिकित्सकों से परामर्श लिया, जिस पर विशेषज्ञों ने उनकी समस्याओं के अनुरूप उपचार एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।


जागृति शाखा की अनेक सदस्याओं ने दिनभर शिविर में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया तथा शिविर के सुव्यवस्थित संचालन, पंजीकरण व्यवस्था एवं रोगियों के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।


आयोजकों ने बताया कि यह शिविर आगामी पांच दिनों तक निरंतर संचालित रहेगा। देश के विभिन्न शहरों में इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से हजारों लोग स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर चुके हैं। आशा व्यक्त की गई कि तेजपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के अनेक जरूरतमंद एवं विभिन्न रोगों से पीड़ित लोग भी इस शिविर का लाभ उठाकर स्वस्थ एवं सुखद जीवन की ओर अग्रसर होंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें