महेश नवमी महोत्सव पर लखीमपुर में प्रतिभा, ज्ञान और संस्कार का संगम, “ब्रेन ट्रेन क्विज़–4” एवं भाषण प्रतियोगिता सफल - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

महेश नवमी महोत्सव पर लखीमपुर में प्रतिभा, ज्ञान और संस्कार का संगम, “ब्रेन ट्रेन क्विज़–4” एवं भाषण प्रतियोगिता सफल

 


लखीमपुर से राजेश राठी और ओमप्रकाश तिवारी


महेश नवमी महोत्सव के उपलक्ष्य में लखीमपुर का माहेश्वरी समाज इन दिनों ज्ञान, संस्कार, सामाजिक एकता और धार्मिक चेतना से ओतप्रोत विविध आयोजनों के माध्यम से प्रेरणादायी वातावरण का निर्माण कर रहा है। इसी क्रम में स्थानीय श्री वासुदेव कल्याण ट्रस्ट परिसर में माहेश्वरी सभा, माहेश्वरी महिला संगठन एवं माहेश्वरी युवा संगठन, लखीमपुर शाखा के संयुक्त तत्वावधान में “ब्रेन ट्रेन क्विज़–4” तथा “बोली में दम, मंच पर हम 2.0” (भाषण प्रतियोगिता) का सफल आयोजन किया गया।


कार्यक्रम में समाज के बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं सहित लगभग 75 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास और वक्तृत्व कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी में व्यक्तित्व विकास, मंच संचालन क्षमता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करना था।


“ब्रेन ट्रेन क्विज़–4” का संचालन उमाकांत मालपानी ने किया। रोचक एवं ज्ञानवर्धक प्रश्नों से सजी प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों की बौद्धिक क्षमता की उत्कृष्ट परीक्षा ली। जूनियर वर्ग (12 वर्ष से कम आयु) में अवनी मालपानी प्रथम, पहल माहेश्वरी द्वितीय तथा लहर चांडक तृतीय स्थान पर रहीं। सीनियर वर्ग (12 वर्ष से अधिक आयु) में जितेन्द्र भट्टड़ ने प्रथम, घनश्याम झंवर ने द्वितीय तथा भार्गव झंवर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।


वहीं “बोली में दम, मंच पर हम 2.0” भाषण प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग (8 से 15 वर्ष) में देवांश झंवर प्रथम, कृतिका बलदेवा द्वितीय तथा हर्षित झंवर तृतीय स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग (15 वर्ष से अधिक आयु) में प्रतीक्षा राठी ने प्रथम, पूजा बहेती ने द्वितीय और लता लाखोटिया ने तृतीय स्थान हासिल किया।


भाषण प्रतियोगिता का मूल्यांकन महेंद्र लाहोटी, पूजा तापड़िया पटवारी एवं रश्मि शारडा अग्रवाल ने किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की भाषा शैली, विषय की समझ, प्रस्तुति और आत्मविश्वास के आधार पर निष्पक्ष मूल्यांकन किया।


कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक संदीप लधड़ एवं गौतम झंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। माहेश्वरी युवा संगठन की पूरी कार्यकारिणी एवं स्वयंसेवकों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम में माहेश्वरी सभा एवं माहेश्वरी महिला संगठन के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक और अभिभावक उपस्थित रहे।


माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष नारायण लाखोटिया एवं सचिव सूर्य लोहिया ने विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि समाज के बच्चों और युवाओं में अपार प्रतिभा है, जिसे उचित मंच और मार्गदर्शन देकर समाज एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में अग्रसर किया जा सकता है।


आयोजकों ने बताया कि महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत आगामी 21 जून को श्री वासुदेव कल्याण ट्रस्ट परिसर में विशेष सभा, प्रतिभा सम्मान समारोह तथा समाज के समसामयिक विषयों पर विचार-मंथन आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात सहभोज का भी आयोजन रहेगा।


इसी श्रृंखला में 23 जून, महेश नवमी (माहेश्वरी वंशोत्पत्ति दिवस) के अवसर पर स्थानीय श्री श्री सीतारामजी ठाकुरवाड़ी मंदिर से प्रातः 6 बजे विशाल प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जो नगर परिक्रमा करते हुए नीलकंठेश्वर शिव मंदिर पहुँचेगी। वहाँ भगवान शिव के जलाभिषेक, आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ त्रिदिवसीय कार्यक्रमों का समापन होगा।


आयोजक समिति ने समाज के सभी बंधुओं से अधिकाधिक संख्या में सहभागिता की अपील करते हुए पुरुषों से श्वेत कुर्ता-पायजामा तथा महिलाओं से केसरिया परिधान धारण कर कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया है। समिति का विश्वास है कि यह आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता, शिक्षा, संस्कार और संगठन की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें