अंबुबासी महायोग के लिए तैयार मां कामाख्या धाम, 8 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

अंबुबासी महायोग के लिए तैयार मां कामाख्या धाम, 8 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना



गुवाहाटी, विश्व प्रसिद्ध अंबुबासी महायोग 2026 के आयोजन को लेकर नीलाचल पहाड़ी स्थित मां कामाख्या धाम पूरी तरह तैयार है। इस वर्ष देश-विदेश से करीब 8 लाख श्रद्धालुओं, साधु-संतों एवं पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए राज्य सरकार, जिला प्रशासन तथा विभिन्न विभागों द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं।


बुधवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में पर्यटन मंत्री अजंता नेउग, गृह एवं राजनीतिक विभाग के आयुक्त एवं सचिव दिगंत बोरा तथा यातायात पुलिस के उपायुक्त जयंत सारथी बोरा ने आयोजन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।


पर्यटन मंत्री अजंता नेउग ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कामाख्या रेलवे स्टेशन, पांडू पोर्ट और नाहरबाड़ी में तीन प्रमुख शिविर स्थापित किए गए हैं। इन शिविरों में ठहरने, पेयजल, चिकित्सा सहायता, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त मंदिर तक जाने वाले मार्गों का नवीनीकरण किया गया है, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली स्थापित की गई है तथा विभिन्न स्थानों पर सहायता केंद्र बनाए गए हैं।


श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। मंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष अंबुबासी महायोग में लगभग 7 लाख श्रद्धालुओं ने भाग लिया था, जबकि इस बार यह संख्या 8 लाख तक पहुंचने का अनुमान है। खाद्य सुरक्षा विभाग को भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


यातायात व्यवस्था के संबंध में उपायुक्त जयंत सारथी बोरा ने बताया कि नीलाचल पहाड़ी के नीचे नर्सरी प्वाइंट से मंदिर तक सामान्य वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केवल एंबुलेंस, गुवाहाटी नगर निगम तथा अन्य अधिकृत आपातकालीन वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी। आवश्यक वस्तुओं एवं खाद्य सामग्री ले जाने वाले वाहन रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ही प्रवेश कर सकेंगे।


श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पांडू पोर्ट से मंदिर तक विशेष फेरी वाहनों तथा कामाख्या रेलवे स्टेशन से विशेष बस सेवा संचालित की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।


आयुक्त एवं सचिव दिगंत बोरा ने बताया कि दर्शन की व्यवस्था प्रतिदिन सुबह 5 बजे से शाम 6 बजे तक नियंत्रित रूप से संचालित की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा मां कामाख्या धाम की धार्मिक परंपराओं एवं मर्यादाओं का सम्मान बनाए रखने की अपील की।


अंबुबासी महायोग को लेकर पूरे असम सहित देशभर के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और प्रशासन को विश्वास है कि इस वर्ष का आयोजन श्रद्धा, सुरक्षा और सुव्यवस्था का एक सफल उदाहरण बनेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें