गुवाहाटी, विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में मारवाड़ी युवा मंच, गुवाहाटी शाखा (मायूम) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय रक्तदान शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। समाज में बढ़ती रक्त की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए शाखा ने विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित कर कुल 97 यूनिट रक्त संग्रहित किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ 14 जून, विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर हार्डवेयर एंड सैनिटरी एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित शिविर से हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में गुवाहाटी सेंट्रल के विधायक विजय गुप्ता उपस्थित रहे। पहले दिन 43 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से चिकित्सकीय जांच के बाद 35 लोगों ने रक्तदान किया।
दूसरे दिन मालीगांव स्थित सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ रेलवे पुलिस, असम के कार्यालय में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। सुपरिंटेंडेंट प्राणजीत बोरा के विशेष सहयोग से 53 पुलिसकर्मियों ने पंजीकरण कराया तथा स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत 36 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। इस अवसर पर प्रांतीय उपाध्यक्ष मोहित मालू ने सुपरिंटेंडेंट का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
तीसरे एवं अंतिम दिन चांसरी स्थित जेरिको कैंपा फैक्ट्री में शिविर लगाया गया, जहाँ 28 लोगों ने पंजीकरण कराया। चिकित्सकीय जांच के बाद 26 लोग रक्तदान के लिए उपयुक्त पाए गए और उनसे सफलतापूर्वक रक्त संग्रह किया गया। इस अवसर पर जेरिको के निदेशक एवं गुवाहाटी शाखा के पूर्व अध्यक्ष बीजीत प्रकाश को शाखा पदाधिकारियों ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
तीनों शिविरों के माध्यम से कुल 97 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस अभियान में गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ब्लड बैंक, मारवाड़ी हॉस्पिटल ब्लड बैंक तथा बी. बरूआ कैंसर हॉस्पिटल ब्लड बैंक का विशेष सहयोग रहा।
इस आयोजन को सफल बनाने में रक्त संयोजक नवीन मालू एवं मोहित सीकरिया, शाखा अध्यक्ष आकाश शर्मा, मंत्री लखन वर्मा, कोषाध्यक्ष अंकित जैन, उपाध्यक्ष अशोक शर्मा तथा अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें