पूजा माहेश्वरी
नगांव, असम के उपभोक्ताओं के लिए एक नई और अनूठी खरीदारी अवधारणा लेकर आए राज्य के पहला हैवेल्स एक्सक्लूसिव फैन शोरूम "एयर गैलेरिया" का भव्य उद्घाटन रविवार को हैबरगांव स्थित हनुमान मंदिर के समीप संपन्न हुआ। यह शोरूम विशेष रूप से विभिन्न प्रकार के आधुनिक, ऊर्जा-कुशल एवं डिज़ाइनर पंखों को समर्पित है, जो इसे असम में अपनी तरह का पहला प्रतिष्ठान बनाता है। कार्यक्रम का उद्घाटन नगांव के अतिरिक्त जिला आयुक्त मृदुल बोड़ो एवं हैवेल्स के ब्रांच मैनेजर संदीप फुकन ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला आयुक्त मृदुल बोङो ने इस नई पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के विशिष्ट एवं आधुनिक व्यवसाय न केवल उपभोक्ताओं को बेहतर विकल्प प्रदान करते हैं, बल्कि जिले के आर्थिक विकास और व्यापारिक वातावरण को भी नई दिशा देते हैं।
जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा पूर्व निर्धारित व्यस्तताओं के कारण कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, उन्होंने शोरूम के संचालक संजय गाड़ोदिया को फ़ोन पर शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए इस नए उद्यम की सफलता की कामना की। उद्घाटन समारोह में व्यापार, सामाजिक एवं जनजीवन से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें पूर्व विधायक गिरिन्द्र बरूआ, पीबीसी के स्वामी देवेंद्र सिंह सेहमी, अच्युत समूह से सांवरमल खेतावत, नगांव चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव नानू दास, शंकर मिशन के सचिव प्राण महंता, लायंस डिस्ट्रिक्ट 322D के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ललित कोठारी तथा मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष प्रमोद कोठारी एवं हैवेल्स कम्पनी के तमाम लोग प्रमुख रूप से उपस्थित थे। इस महत्वपूर्ण अवसर को कवर करने के लिए जिले के विभिन्न प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम को व्यापक जन-ध्यान प्राप्त हुआ।
उद्घाटन के दौरान तथा पूरे दिन शहरवासियों और ग्राहकों में इस अनूठे शोरूम को लेकर विशेष उत्सुकता देखने को मिली। जैसे ही लोगों को यह जानकारी मिली कि यह असम का पहला एक्सक्लूसिव फैन शोरूम है, बड़ी संख्या में लोग शोरूम का अवलोकन करने पहुंचे। आधुनिक डिज़ाइन, विविध मॉडल और एक ही छत के नीचे उपलब्ध विस्तृत श्रृंखला ने आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
शोरूम के संचालक संजय गाड़ोदिया ने उपस्थित अतिथियों, शुभचिंतकों, ग्राहकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य ग्राहकों को पंखों की दुनिया में एक नया अनुभव प्रदान करना है, जहाँ गुणवत्ता, डिज़ाइन और तकनीक का उत्कृष्ट संगम उपलब्ध हो।
उद्घाटन समारोह के उपरांत विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थानों तथा जिले के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए इस नए उद्यम की सफलता की कामना की। असम में अपनी तरह की इस पहली पहल ने न केवल व्यापारिक जगत का ध्यान आकर्षित किया है, बल्कि उपभोक्ताओं के बीच भी यह चर्चा का विषय बन गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि "एयर गैलेरिया" आने वाले समय में घरेलू एवं प्रीमियम फैन सेगमेंट के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में उभरेगा।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें