नगांव में जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

नगांव में जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू



पूजा माहेश्वरी 


सही आंकड़ों के संकलन पर जोर, जिला आयुक्त ने किया सहयोग का आह्वान


नगांव, आगामी जनगणना को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को नगांव जिला परिषद कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए जिला आयुक्त देबाशीष शर्मा ने कहा कि सटीक जनगणना ही देश की प्रगति को गति प्रदान कर सकती है। उन्होंने कहा कि इस जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होंगे। इसलिए जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी निष्ठा एवं शुद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उद्घाटन समारोह में अतिरिक्त आयुक्त कमलजीत शर्मा, सहायक आयुक्त अंजलि कुमारी के अलावा जिले के सभी सर्किल अधिकारी और खंड विकास अधिकारी उपस्थित थे। जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विकास शर्मा ने बताया कि प्रथम चरण के अंतर्गत गृह सूचीकरण और आवास जनगणना से संबंधित यह प्रशिक्षण 3 जून तथा 8 जून को भी आयोजित किया जाएगा। प्रारम्भिक शिक्षण कार्यक्रम में सूचना संग्रहण की प्रक्रिया, डिजिटल गणना प्रणाली तथा आवश्यक समन्वय व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि इस बार देश में पहली बार पूरी तरह डिजिटल उपकरणों और ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से तेज एवं सटीक जनगणना संपन्न की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 2 अगस्त से नागरिकों के लिए स्व-जनगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा शुरू होगी, जबकि 17 अगस्त से आधिकारिक रूप से गृह सूचीकरण का कार्य आरंभ किया जाएगा। इसके बाद मुख्य जनसंख्या गणना प्रक्रिया फरवरी 2027 से शुरू होगी। जिला आयुक्त देबाशीष शर्मा ने जिले के लोगों से अपील की कि वे जनगणना कार्य को सफल बनाने के लिए घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने वाली टीमों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा बिना किसी संकोच के पूरा सहयोग दें, ताकि एक पारदर्शी और सटीक जनगणना सुनिश्चित की जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें