मोरानहाट, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं फादर्स डे के शुभ अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, मोरानहाट शाखा, मारवाड़ी सम्मेलन, मोरानहाट शाखा तथा अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति, मोरानहाट शाखा के संयुक्त तत्वावधान में "स्वस्थ्यम्" नामक विशेष कार्यक्रम का आयोजन श्री राधा कृष्ण विवाह भवन परिसर में किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग एवं स्वास्थ्य के प्रति अपनी जागरूकता और प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल योग सत्र के साथ हुआ, जिसमें प्रख्यात योग प्रशिक्षक श्रीमती किमोनू तालुकदार ने उपस्थित जनों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा दैनिक जीवन में योग के महत्व के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार भी है। उनके मार्गदर्शन में सभी प्रतिभागियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, मोरानहाट शाखा की अध्यक्षा स्वीटी शर्मा, सचिव मनीष बेड़िया एवं कोषाध्यक्ष शंभू सुरेका उपस्थित रहे। वहीं, मारवाड़ी सम्मेलन, मोरानहाट शाखा के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, सचिव छगनलाल माड़ोदिया, मंडलीय सहायक मंत्री पवन मोर तथा अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति, मोरानहाट शाखा की अध्यक्षा श्रीमती प्रभा अग्रवाल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, समाजबंधुओं एवं मातृशक्ति ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त एवं तनावपूर्ण जीवनशैली में योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
फादर्स डे के अवसर को भी विशेष रूप से मनाया गया। उपस्थित सभी पिताओं का सम्मान किया गया तथा उनके साथ आनंदपूर्ण क्षण साझा किए गए। बच्चों एवं परिवारजनों ने अपने पिता के प्रति सम्मान और प्रेम व्यक्त करते हुए उन्हें चॉकलेट भेंट की, जिससे यह विशेष अवसर और भी यादगार बन गया। इस दौरान परिवार और संस्कारों के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
योग सत्र के सफल संचालन एवं समाज में स्वास्थ्य जागरूकता के प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए योग प्रशिक्षक श्रीमती किमोनू तालुकदार को आयोजक संस्थाओं की ओर से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में समाजबंधुओं, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों की उल्लेखनीय सहभागिता रही, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह और ऊर्जा का वातावरण बना रहा। सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य एवं परिवार केंद्रित आयोजनों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प व्यक्त किया।
अंत में मारवाड़ी युवा मंच, मोरानहाट शाखा के सचिव श्री मनीष बेड़िया ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, समाजबंधुओं, मातृशक्ति एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। धन्यवाद प्रस्ताव के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें