सड़क दुर्घटना में घायल हुए पद्मश्री सम्मानित प्रख्यात आविष्कारक डॉ. उद्धव भराली - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

सड़क दुर्घटना में घायल हुए पद्मश्री सम्मानित प्रख्यात आविष्कारक डॉ. उद्धव भराली



लखीमपुर से राजेश राठी और ओमप्रकाश तिवाड़ी की रिपोर्ट 


लखीमपुर, देश के प्रतिष्ठित आविष्कारकों में शुमार तथा पद्मश्री सम्मान से अलंकृत प्रख्यात वैज्ञानिक एवं नवप्रवर्तक डॉ. उद्धव भराली रविवार प्रातः एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराकर लखीमपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. भराली रविवार सुबह अपने निजी वाहन से लखीमपुर से गुवाहाटी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गहपुर क्षेत्र के कोलाबारी के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग-15 पर उनका वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन संख्या AS-07Y-2725 का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय वाहन स्वयं डॉ. उद्धव भराली चला रहे थे। टक्कर के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं और वे वाहन के भीतर ही घायल अवस्था में फंस गए। स्थानीय लोगों तथा राहगीरों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और इसकी सूचना आपातकालीन सेवाओं को दी। घटना की जानकारी मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल डॉ. भराली को तत्काल लखीमपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। डॉ. उद्धव भराली असम ही नहीं, बल्कि पूरे देश में अपने अभिनव आविष्कारों और ग्रामीण तकनीकी नवाचारों के लिए विख्यात हैं। सीमित संसाधनों में जनोपयोगी उपकरणों के निर्माण तथा विज्ञान को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनके योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया था। उनके दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर फैलते ही विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक और वैज्ञानिक संगठनों के साथ-साथ उनके शुभचिंतकों में चिंता की लहर दौड़ गई है तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें