मारवाड़ी युवा मंच ‌मोरान हाट की संस्कार कक्षा का शुभारंभ - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

मारवाड़ी युवा मंच ‌मोरान हाट की संस्कार कक्षा का शुभारंभ



मोरानहाट, बच्चों में नैतिक मूल्यों, भारतीय संस्कृति, अनुशासन एवं व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच, मोरानहाट शाखा द्वारा प्रारंभ की गई "संस्कार कक्षा" का उद्घाटन समारोह आज मंच कार्यालय में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


कार्यक्रम में मंच पदाधिकारियों, समाज के गणमान्य व्यक्तियों, अभिभावकों एवं बच्चों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। संस्कार कक्षा के शुभारंभ को लेकर बच्चों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर शाखा के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ सदस्य छगनलाल माड़ोदिया, वरिष्ठ सदस्य पवन मोर तथा धर्मेश पारीक विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने ऊर्जावान उद्बोधन के माध्यम से बच्चों एवं अभिभावकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अच्छे संस्कार ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं तथा संस्कारित बालक ही आगे चलकर समाज एवं राष्ट्र का गौरव बनते हैं। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया।


वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उत्तम संस्कार प्रदान करना भी अत्यंत आवश्यक है। संस्कार ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य एवं सशक्त व्यक्तित्व की आधारशिला होते हैं। संस्कार कक्षा के प्रति अभिभावकों एवं बच्चों में विशेष रुचि देखने को मिली तथा प्रारंभिक चरण में ही 15 बच्चों का पंजीकरण प्राप्त हुआ है। यह समाज में संस्कारों एवं मूल्य आधारित शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत है।


कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को संस्कार कक्षा की रूपरेखा, उद्देश्य एवं आगामी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। कक्षा में बच्चों को नैतिक शिक्षा, प्रेरणादायक प्रसंग, भारतीय संस्कृति, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक मूल्यों से संबंधित विषय सरल एवं रोचक माध्यम से सिखाए जाएंगे। शाखा अध्यक्ष स्वीटी शर्मा ने बताया कि संस्कार कक्षा का उद्देश्य बच्चों के भीतर अच्छे संस्कारों का विकास करना तथा उन्हें एक जिम्मेदार एवं संस्कारित नागरिक के रूप में तैयार करना है। शाखा सचिव मनीष बेड़िया ने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को इस पहल से जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि आज दिए गए संस्कार ही कल के श्रेष्ठ व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं।


संस्कार कक्षा का नियमित संचालन आगामी शनिवार से प्रत्येक सप्ताह सायं 5:45 बजे से 7:00 बजे तक किया जाएगा तथा पंजीकरण प्रक्रिया अभी भी जारी है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सेल्फ डेवलपमेंट समिति के सदस्य धर्मेश पारीक, रानु माड़ोदिया, पायल अग्रवाल, आयुषी पसारी, कविता मोर, सपना मोर, स्वाति गाड़़ोदिया, मोनिका अग्रवाल, प्रकाश खाखोलिया, रितिक अग्रवाल एवं रोशनी खाखोलिया का विशेष योगदान रहा। इस आशय की जानकारी मंच सचिव मनीष बेड़िया द्वारा प्रेषित की गई।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें