5 जून को दोपहर 2 से 4 बजे तक एसी बंद रखकर दें पर्यावरण संरक्षण का संदेश
गुवाहाटी, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के निर्देशन में देशव्यापी पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अणुव्रत समिति गुवाहाटी ने आम नागरिकों, संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, कार्यालयों एवं घरों से अपील की है कि वे आज दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक अपने एयर कंडीशनर (एसी) बंद रखकर ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा में योगदान दें।
अभियान का नेतृत्व अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के अध्यक्ष प्रताप सिंह दुगड़ कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से देशभर में हजारों अणुव्रत कार्यकर्ता विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रहे हैं।
अणुविभा के महामंत्री मनोज सिंघवी ने इस पहल को जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण चेतना विकसित करने का प्रभावी प्रयास बताया। वहीं प्रचार-प्रसार मंत्री पंकज दुधोड़िया ने कहा कि अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न माध्यमों से व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है।
अणुव्रत समिति गुवाहाटी के अध्यक्ष संजय चौरड़िया एवं मंत्री रंजना बरड़िया ने बताया कि स्थानीय स्तर पर लोगों से दो घंटे के लिए एसी बंद रखने का अनुरोध किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ इको-फ्रेंडली कैरी बैग का वितरण भी किया जाएगा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पर्यावरण प्रभारी विनोद कोठारी ने कहा कि यह केवल एक प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सामूहिक कदम बड़े सकारात्मक बदलाव का आधार बन सकते हैं।
पर्यावरण जागरूकता अभियान की राष्ट्रीय संयोजिका डॉ. नीलम जैन ने बताया कि देशभर की अणुव्रत समितियों एवं मंचों के माध्यम से यह अभियान जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद, तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम की स्थानीय शाखाओं तथा अन्य सामाजिक संगठनों का भी अभियान को सक्रिय सहयोग प्राप्त हो रहा है।
अभियान के अंतर्गत अधिकतम जनसहभागिता एवं प्रमाणिक आँकड़े प्राप्त करने के लिए लोगों से गूगल फॉर्म के माध्यम से बंद किए गए एसी की संख्या दर्ज कराने का भी आग्रह किया गया है।
स्थानीय पर्यावरण प्रभारी उपाध्यक्ष सरोज बरड़िया ने सभी नागरिकों से इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि आइए, विश्व पर्यावरण दिवस पर दो घंटे के लिए एसी बंद कर ऊर्जा बचाएँ और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाएँ।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें