पूजा माहेश्वरी
नगांव, नगांव शहर में बढ़ती यातायात जाम की समस्या तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध और मनमाने ढंग से वाहनों की पार्किंग के कारण उत्पन्न हो रही परेशानियों से निपटने के लिए नगांव जिला प्रशासन ने अब ऐसे वाहनों के पहियों में लॉक लगाने की व्यवस्था शुरू की है। आम जनता की आवाजाही में होने वाली बाधाओं को दूर करने के उद्देश्य से जिला आयुक्त के विशेष निर्देश पर आज से शहर में यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में आज जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा ने आयुक्त कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में, नगांव नगरपालिका के कार्यकारी अधिकारी पंकज भूयां की उपस्थिति में, नगांव यातायात पुलिस के उप-निरीक्षक जितेन कुमार दत्ता को औपचारिक रूप से ‘व्हील टायर लॉक क्लैम्प’ सौंपा। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाने तथा सड़क सुरक्षा को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा यह कदम उठाया गया है। जिला सड़क सुरक्षा समिति की ओर से उपलब्ध कराए गए इस टायर लॉक क्लैम्प के माध्यम से अब नगांव शहर के साथ-साथ चार लेन वाले नगांव बाइपास पर ट्रकों सहित किसी भी प्रकार के वाहन को अवैध रूप से पार्क किए जाने पर उसके पहिए में लॉक लगा दिया जाएगा। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारी चालान काटकर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। जिला आयुक्त ने नगांववासियों से यातायात नियमों का पालन करने तथा शहर को जाम-मुक्त बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की अपील की है।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें