लायंस क्लब अनमोल में लायंस जिलापाल ने औपचारिक दौरा किया - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

लायंस क्लब अनमोल में लायंस जिलापाल ने औपचारिक दौरा किया

 


गुवाहाटी: लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी अनमोल का होटल ओरनेट में आयोजित एक समारोह में लायंस जिलापाल पंकज पोद्दार ने औपचारिक रूप से दौरा कर क्लब के कार्यों पर संतुष्टि प्रकाश की तथा गतिविधियों, सेवा परियोजनाओं तथा भविष्य की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कार्यक्रम में क्लब पदाधिकारियों, वरिष्ठ लायंस सदस्यों एवं अतिथियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।


कार्यक्रम की शुरुआत क्लब अध्यक्ष विनोद कयाल के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने वर्षभर में क्लब द्वारा किए गए सेवा कार्यों और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए सभी सदस्यों के सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम के चेयरमैन नवीन अग्रवाल ने अपने स्वागत उद्बोधन में अतिथियों एवं सदस्यों का अभिनंदन किया और सेवा कार्यों में क्लब की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।


क्लब के सचिव पंकज अग्रवाल ने वर्षभर की गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि क्लब अब तक 55 सेवा परियोजनाओं का सफल संचालन कर चुका है, जिनसे लगभग 60 हजार लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है। वहीं, कोषाध्यक्ष विजय अग्रवाल ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के समक्ष क्लब की आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।


कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन सबिता अग्रवाल एवं संगीता अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व जिला पाल एम. पी. अग्रवाल तथा एल. एन. अग्रवाल ने अपने संबोधन में क्लब की समाजोपयोगी गतिविधियों की सराहना करते हुए सदस्यों को सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।


इसके अतिरिक्त एलसीआईएफ कोऑर्डिनेटर राज कुमार खाखोलिया एवं जीएमटी कोऑर्डिनेटर अजय पोद्दार ने भी अपने विचार व्यक्त किए और क्लब के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


अपने संबोधन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी अनमोल द्वारा समाजहित में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सेवा प्रयास जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से इसी समर्पण और उत्साह के साथ आगे भी समाज सेवा के कार्यों को जारी रखने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में क्लब के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें