गुवाहाटी, गुवाहाटी की नन्ही बालिका थिया मित्तल ने अपनी असाधारण स्मरण-शक्ति और प्रतिभा से एक नया कीर्तिमान स्थापित कर पूरे असम और पूर्वोत्तर भारत का गौरव बढ़ाया है। मात्र 2 वर्ष और 9 दिन की आयु में थिया ने केवल 8 सेकंड में संपूर्ण गायत्री मंत्र का सस्वर पाठ कर 'असम बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स' में अपना नाम दर्ज कराया है।
थिया, गुवाहाटी स्थित विस्टा किड्स की प्लेहाउस छात्रा हैं तथा श्रीमती राधिका मित्तल एवं अंकुर मित्तल की सुपुत्री हैं। 9 जून 2026 को उन्होंने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की, जिसके बाद उन्हें असम ही नहीं बल्कि पूरे पूर्वोत्तर भारत में गायत्री मंत्र का पाठ करने वाली सबसे कम उम्र की बालिका के रूप में मान्यता मिली।
इस उपलब्धि के पीछे थिया के दादा-दादी श्रीमती सरोज मित्तल और श्री सुरेश मित्तल का विशेष योगदान रहा। उन्होंने प्रेम, धैर्य और समर्पण के साथ थिया को गायत्री मंत्र का अभ्यास कराया। परिवार के संस्कारों और मार्गदर्शन का यह सुंदर उदाहरण आज एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में सामने आया है।
'असम बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स' ने 12 जून 2026 को जारी अपने आधिकारिक प्रमाण-पत्र में थिया की उत्कृष्ट स्मरण-शक्ति और अद्भुत प्रदर्शन को मान्यता देते हुए उन्हें स्टेट रिकॉर्ड श्रेणी में शामिल किया है।
नन्ही थिया की इस सफलता से मित्तल परिवार के साथ-साथ गुवाहाटी और समूचा पूर्वोत्तर क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है। इतनी कम उम्र में प्रदर्शित उनकी प्रतिभा और एकाग्रता उज्ज्वल भविष्य का संकेत देती है। परिवार ने ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कामना की है कि थिया आगे भी इसी प्रकार सीखती रहें, प्रगति करती रहें और देश का नाम रोशन करें।थिया मित्तल को इस अद्भुत उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें